बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत पूरे डेढ साल के बाद बड़े पर्दे पर लौटने वाली हैं. उनकी नई फिल्म भारत भाग्य विधाता है, जो 12 जून को रिलीज होने के लिए तैयार है. इस फिल्म का कुछ ही दिनों पहले ट्रेलर आया, जो काफी दमदार था. कंगना इमरजेंसी फिल्म के बाद एक बार फिर जोरदार फॉर्म में नजर आ रही हैं.
कंगना रनौत की नई फिल्म साल 2008 मुंबई में हुए जानलेवा 26/11 आतंकी हमले पर बेस्ड है. इसकी कहानी एक ऐसे अस्पताल की है, जहां एक आतंकवादी मरीजों को जान से मारने के इरादे से घुस चुका था. मगर डॉक्टर्स और नर्सेज की सूझ-बूझ से उन बेगुनाहों की जानें बचाई गईं.
कंगना की फिल्म उन 5 बहादुर नर्सेज की स्टोरी करीब से दिखाएगी. माना जा रहा है कि फिल्म भारत भाग्य विधाता में नर्स अंजली कुलथे की स्टोरी दिखाई जाएगी, जिनका रोल कंगना रनौत प्ले कर रही हैं. आइए, जानते हैं कि आखिर अंजली कुलथे कौन हैं, जिन्होंने अपनी बहादुरी से उस खौफनाक रात में कई लोगों की जान बचाई थी.
अनसंग हीरो अंजली कुलथे
26 नवंबर 2008 की रात अंजली कुलथे कामा अस्पताल में ड्यूटी पर थीं, जहां आतंकी हमले के इरादे से घुसे थे. तभी खबर आने लगी कि सीएसटी (छत्रपति सेंट्रल टर्मिनल) पर हमला करने वाले आतंकवादी अस्पताल की तरफ आ रहे हैं. जो ड्यूटी एक नॉर्मल सी शिफ्ट होनी थी, वो जल्द ही जान बचाने की लड़ाई में बदल गई थी.
एक पुरानी इंटरव्यू में अंजली कुलथे बताती हैं कि उन्होंने पहले गोलियों की आवाज सुनी. फिर उन्होंने देखा कि आतंकवादी सिक्योरिटी गार्ड्स को गोली मारकर अस्पताल के अंदर घुस रहे हैं. जब पूरे अस्पताल में दहशत फैल गई, तो उन्हें तुरंत समझ आ गया कि उनके पास जो मरीज हैं, उन्हें बचाना बहुत जरूरी है.
अस्पताल से भागने की बजाय उन्होंने वार्ड से 20 प्रेग्नेंट महिलाओं को इकट्ठा किया और उन्हें एक छोटी सी पैंट्री के अंदर ले गईं. लाइटें बंद कर दी गईं और मोबाइल फोन साइलेंट कर दिए. सब लोग अंधेरे में चुपचाप बैठ गए, जबकि बाहर आतंकियों का हमला जारी था. हालांकि खतरा अभी तक टला नहीं था.
खौफनाक रात में नर्स ने दिखाई बहादुरी
हमले के दौरान, एक महिला जो पहले से हाई ब्लड प्रेशर की मरीज थी, वो अचानक लेबर में चली गईं. अस्पताल के अंदर गोलियां चल रही थीं और डॉक्टर वार्ड तक सुरक्षित पहुंच भी नहीं पा रहे थे. ऐसे में अंजली कुलथे ने खुद जिम्मेदारी ली. उन्होंने बहुत सावधानी से उस महिला को लेबर रूम तक पहुंचाया. दीवार के साथ चिपककर, एक-एक कदम चलते हुए सीढ़ियां चढ़ाईं. अगली सुबह तक उस महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दे दिया. नर्स के अनुसार, बाद में उस बच्ची का नाम 'गोली' रखा गया. यह नाम उस डरावनी रात की याद में रखा गया, जिसमें उसका जन्म हुआ था.
यहां देखें ट्रेलर:
बात करें कंगना की फिल्म भारत भाग्य विधाता की, तो इसमें गिरिजी ओक, स्मिता तांबे और ईशा डे जैसे कलाकार नजर आएंगे. इसे मनोज तपाड़िया ने डायरेक्ट किया है.