इंडियन सिनेमा प्रेमियों के लिए सितंबर का महीना बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी टक्कर देखने को मिलने वाली है. डायरेक्टर प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म 'हैवान' और आयुष्मान खुराना-सारा अली खान की स्पाई कॉमेडी 'उड़ता तीर' दोनों एक ही दिन, यानी 11 सितंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं.
यह मुकाबला इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि एक तरफ जहां 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' फेम अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ब्लॉकबस्टर जोड़ी लगभग 18 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस की इस रेस में सारा अली खान अपने ही पिता सैफ अली खान के सामने चुनौती बनकर खड़ी होंगी.
फिल्म 'हैवान' की रिलीज डेट का ऐलान
KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने आधिकारिक तौर पर 'हैवान' की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है. मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक बेहद ही शानदार और दमदार पोस्टर शेयर किया है. इस पोस्टर के साथ एक टैगलाइन भी लिखी गई है जो दर्शकों के उत्साह को दोगुना कर रही है: 'एक जुनून, एक अटूट खोज. एक ऐसी तारीख जिसे आप याद रखना चाहेंगे.' अब 11 सितंबर की इस तारीख ने बॉक्स ऑफिस पर हलचल तेज कर दी है.
एक ही दिन रिलीज होने की वजह से 'हैवान' का सीधा मुकाबला आयुष्मान और सारा की 'उड़ता तीर' से होगा. फिल्मी गलियारों में इस बात की भी खूब चर्चा है कि यह पहली बार होगा जब पिता सैफ अली खान और बेटी सारा अली खान की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने होंगी.
फिल्म इंडस्ट्री के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो 'हैवान' साल 2016 में आई प्रियदर्शन की ही सुपरहिट मलयालम थ्रिलर फिल्म 'ओप्पम' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है, जिसमें दिग्गज एक्टर मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी.
स्पाई कॉमेडी 'उड़ता तीर' से मिलेगी कड़ी टक्कर
दूसरी तरफ, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जोड़ी 'उड़ता तीर' के जरिए 'हैवान' को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है. यह एक स्पाई कॉमेडी फिल्म है, जिसमें आयुष्मान और सारा दूसरी बार स्क्रीन स्पेस शेयर करते नजर आएंगे. इससे पहले इसी साल की शुरुआत में रिलीज हुई फिल्म 'पति पत्नी और वो 2' में भी यह जोड़ी साथ दिखी थी. इस फिल्म को आकाश ए. कौशिक ने लिखा और डायरेक्ट किया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 11 सितंबर को जब यह दोनों बड़ी फिल्में टकराएंगी, तो बॉक्स ऑफिस की बाजी कौन मारता है या फिर सारा अली खान की फिल्म पोस्टपोन होगी.