कर्नाटक से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. उडुपी जिले के कुंडापुरा के पास तालाब में कपड़े धोने गईं दो लड़कियों की डूबने से मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, कपड़े धोते वक्त दोनों का पैर फिसल गया था, जिससे दोनों पानी में गिर गईं और और डूबने से उनकी मौत हो गई.
मृत लड़कियों की पहचान 13 साल की सुनीता और 13 साल की वैशाली के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद गोताखोरों, इसरजेंसी रिस्पॉन्स यूनिट, दमकल सेवा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को कुंडापुरा के पास होसाडु गांव में करीब 4 बजे हुई. मुल्लिकट्टे की एक झोपड़ी में रहने वाले पांच बच्चे कपड़े धोने के लिए कोप्परिगे गुड्डे के कडुबिन केरे तालाब पर गए थे.
सुनीता और वैशाली तालाब के किनारे बैठकर कपड़े धो रही थीं. इसी दौरान दोनों अचानक फिसलकर पानी में गिर गईं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पानी में गिरने के बाद दोनों लड़कियां डूब गईं.
कक्षा सात में पढ़ती थीं छात्राएं
सुनीता और वैशाली होसाडु के सरकारी स्कूल में कक्षा 7 की छात्राएं थीं. दोनों मुल्लिकट्टे की झोपड़ी में अपने परिवारों के साथ रहती थीं. घटना के समय उनके साथ झोपड़ी में रहने वाले तीन अन्य बच्चे भी तालाब पर कपड़े धोने गए थे.
यह भी पढ़ें: बेटे की मौत, दादा का निधन... फिर भी केतन के परिवार ने निभाई 37 साल पुरानी परंपरा
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद गंगोली के विशेषज्ञ दिनेश खरवी की अगुवाई में गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची. उनके साथ आपात कार्रवाई इकाई, कुंडापुरा दमकल सेवा के कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने तलाश के बाद दोनों लड़कियों के शव तालाब से बाहर निकाले, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
मामले के बाद गंगोली पुलिस थाने के पीएसआई पवन नाइक और उनके कर्मचारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया. दोनों बच्चीयों की मौत के बाद उनके घरों में मातम पसरा है. फिलहाल बचाव टीम ने दोनों शव निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है.