पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए अब बस कुछ ही दिन बचे हैं. इसी के मद्देनजर शनिवार को तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) के नेता विजय यहां चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. यह रैली मतदान से पहले जनता के बीच अपनी बात रखने का उनका एक बड़ा और अहम कार्यक्रम था. रैली के दौरान वहां एक महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत महिला को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
विजय की इस रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह था. आलम यह था कि पूरा का पूरा आयोजन स्थल लोगों की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था. इसी भीड़ के दबाव और उमस की वजह से महिला की तबीयत बिगड़ गई. हालांकि, प्रशासन की मुस्तैदी से उन्हें समय पर डॉक्टरी मदद मिल गई.
बता दें कि विजय की रैलियों में उमड़ने वाली बेकाबू भीड़ पहले भी कई बड़े हादसों का सबब बन चुकी है. पिछले साल 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई उनकी रैली के दौरान जबरदस्त भगदड़ मच गई थी, जिसमें 39 लोगों की जान चली गई थी और लगभग 95 लोग घायल हुए थे. वहीं, इसी साल 13 फरवरी को भी तमिलनाडु के सेलम जिले में एक राजनीतिक बैठक के दौरान 37 साल के एक युवक की अचानक मौत हो गई थी, जिसकी पहचान सूरज के रूप में हुई थी.
विजय ने जनता के लिए खोला वादों का पिटारा
हालांकि, रैली के दौरान विजय ने पुडुचेरी के लोगों के लिए अपना विजन साफ कर दिया. उन्होंने सबसे बड़ा वादा 'पूर्ण राज्य' के दर्जे को लेकर किया. विजय ने कहा कि अगर उनकी सरकार आती है, तो वो पुडुचेरी को पूरा राज्य बनाने के लिए पूरी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे ताकि यहां के कामकाज में उपराज्यपाल (LG) का दखल खत्म हो सके. साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने के 6 महीने के भीतर ही स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे, जो काफी समय से रुके हुए हैं.
आम जनता और गरीब परिवारों को राहत देने के लिए विजय ने कई बड़े एलान किए. उन्होंने वादा किया कि गरीबी रेखा से नीचे (BPL) रहने वाले परिवारों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी. स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने हर परिवार को 25 लाख रुपये का मेडिकल इंश्योरेंस देने का भरोसा दिलाया. इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद और सरकारी विभागों में खाली पड़े सभी पदों को तुरंत भरने की बात भी कही.
किसानों और मछुआरों के लिए भी विजय ने अपनी योजनाएं सामने रखीं. उन्होंने किसानों को 100% फसल बीमा और मछुआरों को डीजल पर 20 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी का एलान किया. शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुडुचेरी में एक नई स्टेट यूनिवर्सिटी बनाने की योजना भी इस रैली का मुख्य हिस्सा रही. अब देखना यह होगा कि आने वाले चुनाव में जनता इन वादों पर कितना भरोसा जताती है.