scorecardresearch
 

'बहन जी आप बार-बार मेरी परीक्षा क्यों लेती हैं', मायावती ने क्या जवाब दिया, रैली में आकाश आनंद ने सुनाया

आकाश आनंद ने बुलंदशहर में रैली के दौरान मायावती से हुई बातचीत का जिक्र किया. उनके मुताबिक, उन्होंने मायावती से पूछा था कि वह बार-बार उनकी परीक्षा क्यों लेती हैं. आकाश ने बताया कि मायावती ने बाबा साहेब आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम के संघर्ष का उदाहरण देते हुए कहा कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी बिना परीक्षा लिए नहीं सौंपी जा सकती.

Advertisement
X
आकाश आनंद ने घरवापसी के बाद मायावती से बातचीत का किस्सा रैली में सुनाया. (File Photo/PTI)
आकाश आनंद ने घरवापसी के बाद मायावती से बातचीत का किस्सा रैली में सुनाया. (File Photo/PTI)

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता आकाश आनंद ने आज बुलंदशहर में एक रैली में निकाली. रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने मायावती से हुई बातचीत का जिक्र किया. आकाश ने कहा कि जब उन्हें मायावती के सामने अपनी बात रखने का मौका मिला, तो उन्होंने पूछा कि बहन जी, आप हर बार मेरी ऐसी परीक्षा क्यों लेती हैं? आकाश ने कहा कि मायावती ने उनके सवाल का जवाब बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का उदाहरण देकर दिया.

'क्या बाबा साहेब ने आखिरी सांस तक परीक्षा नहीं दी?'

आकाश आनंद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मायावती ने उन्हें सजा दी थी और घर बैठने के लिए कहा था. इसके बाद जब उन्हें मायावती के सामने बैठकर अपनी बात रखने का मौका मिला, तो उन्होंने उनसे अपनी परीक्षा को लेकर सवाल किया.

आकाश ने बताया कि जब उन्होंने पूछा कि बहन जी, आप हर बार मेरी ऐसी परीक्षा क्यों लेती हैं? इस पर मायावती ने उनसे उलटा पूछा कि क्या बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपने पूरे जीवन में और आखिरी सांस तक समाज के लिए परीक्षा नहीं दी थी? इस पर आकाश ने जवाब दिया कि बाबा साहेब ने आखिरी सांस तक समाज के लिए संघर्ष किया और परीक्षा दी.

यह भी पढ़ें: मायावती के भरोसे पर कितने खरे उतरेंगे आकाश आनंद? बसपा के वजूद को बचाने की चुनौती

Advertisement

इसके बाद मायावती ने उनसे बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम को लेकर सवाल किया. उन्होंने पूछा कि क्या कांशीराम ने भी आखिरी सांस तक समाज के लिए परीक्षा नहीं दी थी? आकाश ने कहा कि उन्होंने भी जीवन के आखिरी समय तक समाज के लिए काम किया और संघर्ष किया.

'इतनी बड़ी जिम्मेदारी बिना परीक्षा के कैसे सौंप दूं?'

आकाश आनंद ने बताया कि मायावती ने उनसे अगला सवाल किया कि क्या उन्होंने अपना पूरा परिवार छोड़कर बहुजन समाज को अपना परिवार नहीं माना और उसके लिए जीवन भर तपस्या नहीं की? क्या यह समाज हर दिन उनकी परीक्षा नहीं लेता? आकाश ने कहा कि समाज उनकी भी रोज परीक्षा लेता है.

आकाश ने बताया कि इसके बाद मायावती ने उनसे कहा कि जब इतना बड़ा आंदोलन, इतना बड़ा समाज और इतना बड़ा परिवार है, तो इतनी बड़ी जिम्मेदारी बिना परीक्षा लिए कैसे सौंपी जा सकती है? आकाश ने बताया कि यह बात सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए.

यह भी पढ़ें: आकाश आनंद पर मायावती मेहरबान, जमकर की तारीफ; ससुर अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर दो टूक- अब कोई गुंजाइश नहीं!

उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने मायावती से कहा कि वह जितनी परीक्षाएं लेना चाहें, ले सकती हैं. वह मरते दम तक इसके लिए तैयार हैं. आकाश ने कहा कि वह समाज के लिए अपने परिवार का त्याग करने और पूरी मेहनत से काम करने को तैयार हैं.

Advertisement

'बहुजन समाज को ही अपना परिवार मानता हूं'

रैली में आकाश आनंद ने मायावती को भरोसा दिलाया कि वह बहुजन समाज को ही अपना परिवार मानते हैं. उन्होंने कहा कि समाज के लिए वह लगातार मेहनत और तपस्या करते रहेंगे. उनका लक्ष्य बहुजन समाज को देश का शासक बनते देखना है. आकाश ने कहा कि जब तक यह लक्ष्य पूरा नहीं होता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे.

यह भी पढ़ें: आकाश आनंद को मायावती का 'तीसरा मौका', इस बार 'फुल फॉर्म' में दिखेंगे!

आकाश आनंद ने मायावती का फिर से धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि मायावती ने उनकी परीक्षा में उन्हें पास करके एक बार फिर लोगों के बीच भेजने का काम किया है. उन्होंने हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर मायावती के प्रति आभार जताया.

महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी सरकार घेरा

बसपा नेता आकाश आनंद ने महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2014 में बीजेपी ने महंगाई को बड़ा मुद्दा बनाया था. उस समय पार्टी के नेता कहते थे कि महंगाई से गरीब परिवारों का बजट बिगड़ रहा है. लेकिन अब जनता खुद महंगाई की मार झेल रही है. आकाश आनंद ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डॉलर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को अब नया नारा देना चाहिए, 'जय जनता पर महंगाई की मार, जिम्मेदार बीजेपी सरकार.'

Advertisement

आकाश आनंद ने कहा कि 2014 में गैस सिलेंडर करीब 400 रुपये में मिलता था, जबकि अब इसकी कीमत करीब 1200 रुपये तक पहुंच गई है. उन्होंने पेट्रोल की कीमतों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले पेट्रोल करीब 60 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन अब यह 100 रुपये के पार पहुंच चुका है. आकाश आनंद ने डॉलर की कीमत को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए.

उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ता है. गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो जाता है. आकाश आनंद ने बीजेपी को उसके पुराने नारों की याद दिलाते हुए कहा कि अब सरकार को बताना चाहिए कि महंगाई पर लगाम लगाने के लिए उसने क्या किया.

यह भी पढ़ें: 'मायावती ने एकदम सही कहा', जानिए क्यों बोले सपा नेता रामगोपाल यादव

कांग्रेस और सपा पर भी साधा निशाना

आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी की आलोचना करने का मतलब यह नहीं है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सही काम कर रही हैं. उन्होंने दोनों दलों पर भी निशाना साधा. आकाश ने बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की बात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस की राजनीति को लेकर दोनों दलों पर सवाल उठाए थे.

Advertisement

आकाश आनंद ने कहा कि 2024 में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संविधान की किताब लेकर जनता के बीच पहुंचे थे. उन्होंने लोगों से वोट मांगे थे और आरक्षण की रक्षा करने का वादा किया था. लेकिन आकाश के मुताबिक, बीते समय में हुए आंदोलनों के बावजूद ये दल जनता को अपने काम गिनाने में नाकाम रहे हैं.

पेपर लीक के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा

आकाश आनंद ने दिल्ली में पेपर लीक और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुए छात्र आंदोलन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और उन्हें हिरासत में लिया. आकाश ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ खड़े होने और उनकी समस्याएं सुनने के बजाय राहुल गांधी और कांग्रेस के दूसरे नेता आंदोलन का श्रेय लेने में जुट गए.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कैमरों के सामने खड़े होकर आंदोलन का श्रेय लेने लगे, जबकि जिन छात्रों ने प्रदर्शन किया और पुलिस की कार्रवाई झेली, उनकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा. आकाश आनंद ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह काम करने के बजाय उसका श्रेय लेने में आगे रहती है.

यह भी पढ़ें: आकाश आनंद या ईशान आनंद? मायावती के भरोसेमंद और बसपा में नंबर-2 नेता कौन है?

Advertisement

'दिल्ली में विरोध, अपने शासन वाले प्रदेश में वही कार्रवाई'

आकाश आनंद ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि जिस समय दिल्ली में छात्र पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, उसी दौरान कांग्रेस शासित प्रदेश में भी छात्र आंदोलन कर रहे थे.  वहां भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया.

आकाश आनंद ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में बीजेपी की कार्रवाई का विरोध करती है, लेकिन अपने शासन वाले प्रदेश में वैसी ही कार्रवाई होने पर चुप रहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीजेपी की राजनीति में फर्क कम नजर आता है. भाषण में आकाश आनंद ने दोनों दलों पर जनता, युवाओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement