scorecardresearch
 

स्पेन में बड़ा रेल हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकराईं... 30 लोगों की मौत, राहत-बचाव जारी

स्पेन में बड़ा रेल हादसा हो गया है. दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 30 लोगों की जान चली गई है. कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Advertisement
X
स्पेन में मैड्रिड से दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र को जोड़ने वाली रेल लाइन पर दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई है (Photo: Reuters)
स्पेन में मैड्रिड से दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र को जोड़ने वाली रेल लाइन पर दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई है (Photo: Reuters)

स्पेन में बुधवार को दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई. यह हादसा राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी इलाके अंडालूसिया से जोड़ने वाली रेल लाइन पर हुआ. रेल संचालक कंपनी एडिफ के मुताबिक यह पीछे से टक्कर थी. क्षेत्रीय सरकार के एक सूत्र ने बताया कि हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है. यह टक्कर जनवरी में इसी लाइन पर हुए हादसे के नौ महीने बाद हुई है, जिसमें 46 लोगों की जान गई थी.

एडिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर बताया कि मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली हाई स्पीड लाइन पर ट्रेनों का आना जाना रोक दिया गया है. एडिफ ने यह भी कहा कि हादसा मैड्रिड से सेविल जाने वाली लाइन पर हुआ है.


 

यह टक्कर बुधवार सुबह 9 बजे के कुछ देर बाद (0800 GMT) हुई. इसमें रेनफे और इरियो कंपनियों की एक एक ट्रेन आपस में भिड़ गईं. टक्कर के बाद इरियो के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. कास्टिला ला मांचा क्षेत्र की सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे की वजह और घायलों की संख्या का पता लगाया जा रहा है.

क्षेत्रीय टीवी चैनल कास्टिला ला मांचा टेलीविजन की फुटेज में पटरी से उतरी ट्रेन दिख रही है. कम से कम एक डिब्बा ऊंची पटरी पर ही अटका रहा, जबकि मुड़ा हुआ लोहा, टूटे पैनल और मलबा पटरी के नीचे ढलान पर बिखरा नजर आया.

Advertisement

पास के कस्बे उर्दा के मेयर मैनुअल गालान ने कैडेना सेर से बात करते हुए बताया कि इमरजेंसी सेवाओं ने नगर परिषद से आपात इंतजाम तैयार रखने को कहा है. इनमें एक स्पोर्ट्स हॉल भी शामिल है, जहां यात्रियों और घायलों को रखा जा सकेगा.

यह भी पढ़ें: ब्राजील, फ्रांस, स्पेन... हर जगह प्रोटेस्ट, किस देश को कौन से मुद्दे झुलसा रहे?

जनवरी का हादसा कॉर्डोबा प्रांत के अदामुज के पास हुआ था. तब एक ट्रेन पटरी से उतरी और सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से जा टकराई. उस हादसे में भी इन्हीं कंपनियों की ट्रेनें शामिल थीं. उसके बाद देश में इस बात पर बहस छिड़ गई थी कि पिछले कुछ सालों में रेल पटरियों के रखरखाव पर कितना निवेश किया गया.

प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज का बुधवार का कार्यक्रम सरकारी वेबसाइट पर जारी एजेंडे में खाली रखा गया है. विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने भी अपने सभी चुनाव प्रचार कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement