क्विक कॉमर्स, राइड हेलिंग और होम सर्विस प्लेटफॉर्म जैसे ज़ेप्टो, रैपिडो, स्नैबिट और अर्बन कंपनी के जरिए काम के नए मौके पैदा हुए हैं. हालांकि, इन प्लेटफॉर्म पर काम शुरू करने से पहले उनसे जुड़े नियम और शर्तें समझना जरूरी है. क्यूंकि अगर नियम बिना जाने कोई यहां काम करता है, तो उसके लिए मुश्किल भी हो सकता है.
अलग-अलग समझौतों में प्लेटफॉर्म वर्कर की योग्यता, दस्तावेजों की जांच, ट्रेनिंग, काम के घंटे, स्वास्थ्य, सुरक्षा, व्यवहार, धोखाधड़ी, ग्राहकों के डेटा और कंपनी के सामान के इस्तेमाल से जुड़े नियम तय किए गए हैं. इनका उल्लंघन होने पर प्लेटफॉर्म वर्कर का खाता निलंबित कर सकता है या उसका एक्सेस तुरंत खत्म कर सकता है.
1. योग्यता और सत्यापन
वर्कर की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और वह कानूनी रूप से समझौता करने के योग्य होना चाहिए. उसे धोखाधड़ी, चोरी, हिंसा, यौन अपराध या नशीले पदार्थों के सेवन जैसे किसी गंभीर आपराधिक मामले में सजा नहीं हुई होनी चाहिए. उसके खिलाफ पिछला कोई आपराधिक मामला भी लंबित नहीं होना चाहिए.
वर्कर को आधार और पैन जैसे पहचान पत्र देने पड़ सकते हैं. पुलिस सत्यापन के साथ मेडिकल और आंखों की जांच कराना भी अनिवार्य हो सकता है.
2. ट्रेनिंग और शिफ्ट से जुड़े नियम
काम शुरू करने से पहले 3 दिन की व्यावहारिक ट्रेनिंग या तय कार्यक्रम पूरा करना और उसमें पास होना अनिवार्य होता है. सुरक्षा बनाए रखने के लिए कुछ प्लेटफॉर्म पर रोज काम करने की सीमा भी तय होती है. इसमें दिन में अधिकतम 12 घंटे काम करने और उसके बाद 10 घंटे का अनिवार्य ब्रेक लेने जैसा नियम शामिल हो सकता है.
संक्रामक बीमारी होने या तबीयत खराब होने पर वर्कर को लॉग इन करने की अनुमति नहीं है. काम के दौरान हेलमेट पहनना, रफ्तार की तय सीमा मानना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना अनिवार्य है.
3. व्यवहार और धोखाधड़ी से जुड़े नियम
काम के दौरान या उससे पहले शराब, तंबाकू या दूसरे नशीले पदार्थों का सेवन सख्त मना है. फर्जी या एक से ज्यादा खाते बनाना, जीपीएस या फोन की सेटिंग में हेरफेर करना, गलत जानकारी देना और प्रचार योजना का गलत फायदा उठाना भी मना है.
वर्कर के लिए ग्राहकों और सहकर्मियों के साथ सम्मान से पेश आना अनिवार्य है. दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
4. ग्राहकों के डेटा और प्लेटफॉर्म की सुरक्षा
ग्राहकों का नाम, पता और फोन नंबर जैसी जानकारी केवल सेवा पूरी करने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है. इस जानकारी को किसी दूसरे काम में इस्तेमाल करना या किसी के साथ साझा करना मना है.
कंपनी की ओर से दी गई टी-शर्ट, जैकेट या बैग का इस्तेमाल केवल अधिकृत सेवा देने के लिए किया जा सकता है. कंपनी के नाम या लोगो को किसी दूसरे उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है.
5. नियम तोड़ने पर खाता हो सकता है निलंबित
अगर कोई वर्कर नियमों, सुरक्षा निर्देशों या शर्तों का उल्लंघन करता है, तो प्लेटफॉर्म उसका एक्सेस तुरंत खत्म कर सकता है या उसका खाता निलंबित कर सकता है.
प्लेटफॉर्म वर्कर के लिए उम्र और कानूनी योग्यता से लेकर सत्यापन, ट्रेनिंग, काम के घंटे, स्वास्थ्य, सुरक्षा, व्यवहार और डेटा की गोपनीयता तक के नियम तय हैं. इन नियमों का पालन नहीं करने पर प्लेटफॉर्म वर्कर के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है.