केरल यूनिवर्सिटी की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी चूक सामने आई है. सोमवार को आयोजित बीएससी सांख्यिकी (द्वितीय सेमेस्टर) की परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक प्रश्न के साथ उसका आंसर भी छप गया. परीक्षा के दौरान यह गलती सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
विश्वविद्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बोर्ड ऑफ स्टडीज (Board of Studies) के अध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है. अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र तैयार करने और उसकी जांच की प्रक्रिया में यह चूक कैसे हुई. हालांकि, प्रश्नपत्र तैयार करने में शामिल लोगों ने इसे टेक्निकल गलती के कारण हुई एक छोटी सी भूल बताई है.
कैसे तैयार होता है प्रश्नपत्र?
परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर गोपालकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया प्रश्नों के डेटाबैंक और सॉफ्टवेयर के माध्यम से होती है और इसमें सीमित मानवीय हस्तक्षेप कम होता है. प्रारंभिक तौर पर इसे लापरवाही का मामला माना जा रहा है. उन्होंने आगे बताया कि प्रश्न संख्या 5 के साथ छपा हुआ आंसर का एक हिस्सा था और इसे अपने आप में पूरा आंसर नहीं माना जा सकता है.
छात्रों ने क्या कहा?
हालांकि, इसे लेकर छात्रों ने कहा कि एक नंबर के इस प्रश्न में शारीरिक व्यायाम और शरीर के वजन के बीच संबंध के बारे में पूछा गया था. पहले छह प्रश्न एक नंबर के थे.
गंभीरता से लेना चाहिए मामला
विश्वविद्यालय बचाओ अभियान के अध्यक्ष आर.एस. शशिकुमार, जिन्हें हाल ही में करीब 10 वर्षों बाद विश्वविद्यालय सिंडिकेट में नामित किया गया है, ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताया. उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र में सवाल के साथ उत्तर का छप जाना परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है. उनके अनुसार, विश्वविद्यालय को इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए.