रात की नींद त्यागकर जब छात्र नीट की तैयारी करता है, तो उसके मन में एक ही सपना होता है कि वह डॉक्टर बनने के लिए अपने पहली परीक्षा पास करने वाला है. लेकिन कई बार ये सपना टूट जाता है कभी पेपर लीक की वजह से तो कभी नंबरों में आ रही गड़बड़ियों की वजह से. जब से री-नीट का रिजल्ट जारी हुआ है, तब से छात्र और अभिभावक परिणाम को लेकर परेशान हैं जिसके कारण लगातार विवाद सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर कुछ छात्र दावा कर रहे हैं कि उन्होंने परीक्षा में जैसा प्रदर्शन किया है या आंसर की जिन सवालों का मिलान किया उस हिसाब से उन्हें नंबर नहीं मिले हैं. अब इसे लेकर नया विवाद खड़ा होते दिखाई दे रहा है.
छात्रों का दावा
एक छात्र ने दावा किया कि उसकी OMR शीट और आंसर की के मुताबिक, उसके 672 नंबर आ रहे थे लेकिन फाइनल रिजल्ट में उसे 4 नंबर मिले. हालांकि, OMR शीट को लेकर चल रही अफवाहों के लिए NTA ने कहा है कि सभी शिकायतों को गंभीरता से जांच की जा रही है केवल मूल OMR शीट के आधार पर ही मामलों का वेरीफिकेशन किया जाएगा.
स्कोर में गड़बड़ी के आरोप
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुमार सौरव नाम के एक यूजर ने छात्र बिपिन कुमार सिंह की ओर से पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया कि छात्र को NEET 642 नंबर मिलने की उम्मीद थी. इसके बाद री-NEET एग्जाम में OMR शीट और आंसर-शीट के बेसिस पर 672 अंक की बात कही गई. वहीं, एलन के मॉक टेस्ट में भी छात्र के 620 से ज्यादा अंक आने का दावा किया.
पहले तो लॉगिन में हो रही थी दिक्कत
पोस्ट में यह भी बताया गया है कि रिजल्ट जारी होने से पहले NTA की वेबसाइट पर सही जानकारी भरने के बावजूद लॉगिन नहीं हो रहा था. गलत क्रेडेंशियल बताकर 24 घंटे के लिए ब्लॉक कर दिया गया और बाद में जब रिजल्ट देखा तो केवल 4 नंबर मिले थे. इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय और NTA को टैग कर OMR शीट दोबारा जारी करने की मांग की गई.