Rozgar Mela 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज सुबह 10.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 70,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बांटे हैं. इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि आज जिन लोगों को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उनके लिए यादगार दिन है और देश के लिए भी बहुत ऐतिहासिक दिन है. रोजगार मेला (Rozgar Mela) देशभर में कुल 44 जगहों पर आयोजित किया गया. पीएम मोदी ने युवाओं से आम जनता के हित में काम करने को कहा, क्योंकि जनता-जनार्दन ईश्वर स्वरूप है.
पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर रोजगार मेले के तहत सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 70,000 से अधिक भर्तियों के नियुक्ति पत्रों के वितरण का शुभारंभ किया. इस अवसर उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में जब देश विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है, आपका सरकारी नौकरी में आना बहुत बड़ा अवसर है. ये आपके परिश्रम का परिणाम है. मैं नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवाओं को बधाई देता हूं.
इन विभागों में होंगी भर्तियां
देशभर से चुनी गई नई भर्तियां विभिन्न सरकारी विभागों में शामिल होंगी. इनमें वित्तीय सेवा विभाग, डाक विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य मंत्रालय और परिवार कल्याण, परमाणु ऊर्जा विभाग, रेल मंत्रालय, लेखापरीक्षा और लेखा विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग और गृह मंत्रालय समेत अन्य विभाग शामिल हैं.
Rozgar Mela is an attempt to empower the youth and encourage their active engagement in the nation's progress.
— Narendra Modi (@narendramodi)
खास है आज की तारीख
पीएमओ इंडिया की ओर से किए गए ट्वीट में लिखा है कि 1947 में आज ही के दिन यानी 22 जुलाई को तिरंगे को संविधान सभा द्वारा वर्तमान स्वरूप में स्वीकार किया गया था. इस महत्वपूर्ण दिन, आप सभी को सरकारी सेवा के लिए ज्वाइनिंग लेटर मिलना, बहुत ही बड़ी प्रेरणा है. इस मौके पर पीएम मोदी ने नई सरकारी नौकरियां पाने वाले युवाओं को संबोधित भी किया. उन्होंने कहा कि भारत सिर्फ 9 सालों में दुनिया की 10वीं अर्थव्यवस्था से 5वें से अर्थव्यवस्था बन गया है. आज हर विशेषज्ञ ये कह रहा है कि कुछ ही वर्षों में भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्था में शामिल हो जाएगा. उन्होंने कहा ये भारत के लिए असामान्य सिद्धि बनने वाला है. इसका मतलब हर सेक्टर में रोजगार बढ़ने वाला है और हर व्यक्ति की आय भी बढ़ने वाली है.
आज जिन लोगों को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उनके लिए यादगार दिन है और देश के लिए भी बहुत ऐतिहासिक दिन है: PM
— PMO India (@PMOIndia)
विकसित भारत बनाने का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान, जब देश विकास के पथ पर चल रहा है, सरकारी कर्मचारी के रूप में काम करने का अवसर मिलना बहुत सम्मान की बात है. इस देश के लोगों ने भारत को एक विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है. अगले 25 साल भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. आजादी के इस अमृतकाल में सभी देशवासियों ने अगले 25 वर्ष में भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है. जैसे आपके जीवन में अगले 25 साल महत्वपूर्ण हैं वैसे ही भारत के लिए अगले 25 साल बहुत ही अहम हैं.
आजादी के इस अमृतकाल में सभी देशवासियों ने अगले 25 वर्ष में भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है: PM
— PMO India (@PMOIndia)
10 लाख भर्तियां
बता दें कि पीएम मोदी ने पिछले साल 22 अक्टूबर को रोजगार मेला की शुरुआत की थी. जिसके माध्यम से विभिन्न सरकारी एजेंसियां में समयबद्ध तरीके से 10 लाख भर्तियां करने का लक्ष्य रखा था. उन्होंने जानकारी दी थी कि 2023 के आखिर तक 10 लाख भर्तियां की जाएंगी.