scorecardresearch
 

META की 2.3 करोड़ की छोड़ी नौकरी, दे रहे हैं स्टार्टअप फाउंडर्स को कोचिंग, हफ्ते में केवल 20 घंटे करते हैं काम

आपने कई बार सुना होगा कि लोग अपने पैशन को पूरा करने के लिए अपनी नौकरी छोड़ देते हैं लेकिन अगर क्या वह नौकरी 2.5 लाख डॉलर की हो तो क्या? जेसन शेन ने बिजनेस कोचिंग में करियर बनाने के लिए META की हर साल 2.5 लाख डॉलर की नौकरी छोड़ दी. इसके बाद उन्होंने रिफैक्टर लैब्स की शुरुआत की. उन्होंने इस कारोबार को शुरू करने वाले लोगों के लिए एक सफल कोचिंग कंपनी बनाया. इससे उन्हें 3.69 लाख डॉलर की कमाई हुई. खास बात यह है कि वह इस काम के लिए हर हफ्ते करीब 20 घंटे ही काम करते हैं. 

Advertisement
X
जेसन शेन ने पैशन को पूरा करने के लिए अपनी META की 2.3 करोड़ की नौकरी छोड़ दी.  ((Image courtesy: Jason Shen/Linkedln) (AI enhanced image): ITG)
जेसन शेन ने पैशन को पूरा करने के लिए अपनी META की 2.3 करोड़ की नौकरी छोड़ दी. ((Image courtesy: Jason Shen/Linkedln) (AI enhanced image): ITG)

आज के दौर में नौकरी छोड़ना बेहद मुश्किल काम है और ये और भी ज्यादा गंभीर तक हो जाता है जब आपकी सैलरी 2.5 लाख डॉलर हो. लेकिन कई बार लोगों को सैलरी से ज्यादा उनका पैशन मायने रखता है. जेसन शेन के लिए सिर्फ अच्छी कमाई और आर्थिक सुरक्षा काफी नहीं थी. META में करीब तीन साल काम करने के बाद, शेन ने नौकरी छोड़ने का फैसला किया और स्टार्टअप शुरू करने वाले लोगों को बिजनेस की सलाह और कोचिंग देना शुरू किया. 

बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, 40 साल के शेन ने जून 2023 में META छोड़ा. वहां उन्हें सैलरी और बोनस मिलाकर हर साल करीब 2.5 लाख डॉलर मिलते थे. META छोड़ने से पहले ही शेन ने स्टार्टअप संस्थापकों को कोचिंग देना शुरू कर दिया था. बाद में उन्होंने 2024 में इसे अपना पूरा समय देने वाला कारोबार बना लिया और रिफैक्टर लैब्स की शुरुआत की. 

कहां से शुरू किया करियर? 

मेटा छोड़ने से पहले जेसन शेन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अच्छा करियर बना चुके थे. उन्होंने Etsy में दो साल काम किया. इसके बाद उन्होंने एक टेक्नोलॉजी कंपनी शुरू की, जिसे बाद में फेसबुक ने खरीद लिया फिर उन्होंने मेटा में प्रोडक्ट से जुड़े बड़े पद पर काम किया. जेसन शेन की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने मई 2022 से जून 2023 तक फेसबुक में बतौर प्रोडक्ट मैनेजर काम किया. उनके करियर में मेटा के साथ करीब तीन साल का समय भी शामिल है. 

Advertisement

उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, शेन मई 2021 से FSH Technologies में एंजेल निवेशक हैं. इसके अलावा, मई 2022 से Scout में एंजेल निवेशक और अक्टूबर 2023 से Lunar Excel में संस्थापक बोर्ड सदस्य के रूप में भी जुड़े हैं. वह Refactor Labs के सह-संस्थापक हैं और वहां संस्थापकों के बीच होने वाले विवादों को सुलझाने के लिए कोचिंग भी देते हैं. 

क्यों छोड़ा META? 

हालांकि, शेन को अच्छे और प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करना पसंद था, लेकिन समय के साथ उनकी नौकरी तनावपूर्ण होती जा रही थी. उनका ज्यादातर समय मीटिंग, दस्तावेजों की जांच, टीम में बदलाव और कंपनी में लगातार हो रहे बदलावों में बीतने लगा. उन्हें धीरे-धीरे समझ आया कि जिस काम को करने में उन्हें सबसे ज्यादा खुशी मिलती है, उसके लिए उन्हें जरूरी नहीं कि उतना पैसा मिल रहा हो. 

शेन को सहकर्मियों की मदद करना, वर्कशॉप लेना और लोगों को आगे बढ़ने में मदद करना पसंद था. यही रुचि उन्हें बिजनेस कोचिंग की ओर ले गई. बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, नौकरी छोड़कर करियर बदलने का फैसला लेने से पहले ही शेन ने स्टार्टअप शुरू करने वाले लोगों को कोचिंग देना शुरू कर दिया था. 

जोखिम लेने से पहले शेन ने 1.5 लाख डॉलर बचा लिए थे

Advertisement

शेन की जगह अगर कोई और भी होता तो, यह उसके लिए रिस्क का काम होता. अच्छी सैलरी वाली टेक्नोलॉजी की नौकरी छोड़कर अपना कारोबार शुरू करना शेन के लिए बड़ा आर्थिक जोखिम था. इसलिए उन्होंने कंपनी शुरू करने से पहले अपने खर्चों के लिए करीब 1.5 लाख डॉलर बचाकर रखे. इसके बाद उन्होंने अपना कोचिंग कारोबार शुरू किया. बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, रिफैक्टर लैब्स ने पिछले 12 महीनों में 3.69 लाख डॉलर का राजस्व कमाया. उनके ज्यादातर ग्राहक हर महीने फीस देते हैं. वहीं, जो ग्राहक सह-संस्थापकों के बीच विवाद सुलझाने के लिए मदद लेते हैं, वे आमतौर पर तीन महीने के पैकेज के लिए साइन अप करते हैं. 

अपनी कंपनी चलाने के बावजूद शेन बताते हैं कि वह हर हफ्ते करीब 20 घंटे ही काम करते हैं. उनके काम का ज्यादातर हिस्सा Zoom पर ग्राहकों से बात करने में जाता है. वहीं, AI टूल्स उनके कई प्रशासनिक काम संभालने में मदद करते हैं. इस बदलाव से शेन को परिवार, फिटनेस और अपनी रचनात्मक परियोजनाओं के लिए भी ज्यादा समय मिल गया है. वह शाम को अपनी बेटी को खेल के मैदान में ले जाते हैं या स्ट्रोलर में घुमाते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement