नौकरी की शुरुआत में अच्छी कंपनी में काम करने और करियर बनाने का सपना लेकर युवा बड़े शहरों का रुख करते हैं. लेकिन नौकरी मिलने के बाद घर का किराया, खाने-पीने का खर्च और रोज ऑफिस आने-जाने का खर्च कई बार उनकी कमाई पर भारी पड़ने लगता है. बेंगलुरु में भी कुछ ऐसा ही मुद्दा चर्चा में है. यहां एक कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने सवाल उठाया है कि क्या 50 हजार रुपये महीने से कम कमाने वाले फ्रेशर्स के लिए शहर में रहना मुश्किल होता जा रहा है?
एक्सपोजर से किराया नहीं भरता
सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर पोस्ट में बेंगलुरु में काम करने वाली मोमोलिका ने शहर में रहने के बढ़ते खर्च को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि 50 हजार रुपये से कम मासिक कमाई वाले फ्रेशर्स के लिए बेंगलुरु में गुजारा करना बेहद मुश्किल हो सकता है. अपनी पोस्ट में उन्होंने 15 हजार रुपये तक के किराये, भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट, महंगे खाने और ऑफिस पहुंचने में लगने वाले लंबे समय जैसी परेशानियों का जिक्र किया है.
उनकी पोस्ट में जो एक बात बिल्कुल साफ थी, वह ये है कि सिर्फ करियर में मिलने वाले अनुभव या बेहतर अवसरों के नाम पर युवाओं से आर्थिक दबाव झेलने की उम्मीद नहीं की जा सकती. उन्होंने लिखा कि 'एक्सपोजर' किराया नहीं भरता. यानी किसी शहर में काम करने से अनुभव तो मिल सकता है, लेकिन उससे रोजमर्रा के खर्च अपने आप पूरे नहीं होते.
फ्रेशर्स के लिए क्यों बढ़ती है परेशानी?
करियर की शुरुआत में ज्यादातर युवाओं की सैलरी सीमित होती है. दूसरी ओर, दूसरे शहर में नौकरी मिलने पर उन्हें रहने की जगह तलाशने, सिक्योरिटी डिपॉजिट देने, खाने-पीने और आने-जाने पर खर्च करना पड़ता है. कई बार पहली सैलरी मिलने से पहले ही रहने के इंतजाम में बड़ी रकम खर्च हो जाती है. बेंगलुरु जैसे शहर में मकान किराये पर लेने के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट भी बड़ी चुनौती बन सकता है. हर महीने का किराया देने के अलावा शुरुआत में जमा की जाने वाली रकम का इंतजाम करना उन युवाओं के लिए मुश्किल हो सकता है, जिनके पास परिवार की ओर से आर्थिक मदद उपलब्ध नहीं है.
सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय
मोमोलिका की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग राय सामने आई. कुछ लोगों ने माना कि करियर की शुरुआत में आर्थिक संघर्ष आम है, खासकर उन युवाओं के लिए जिनके पास परिवार की संपत्ति या आर्थिक सहारा नहीं होता. वहीं, कुछ यूजर्स ने इस बात से असहमति जताई कि 50 हजार रुपये से कम कमाने वाले हर व्यक्ति के लिए बेंगलुरु में रहना नामुमकिन है. उनके मुताबिक, खर्च व्यक्ति की लाइफस्टाइल, रहने की व्यवस्था और बजट पर भी निर्भर करते हैं.
एक अन्य यूजर ने किराये से ज्यादा सिक्योरिटी डिपॉजिट को बड़ी समस्या बताया. उनका कहना था कि मकान लेने से पहले कई महीनों के किराये के बराबर रकम जमा करने की जरूरत फ्रेशर्स पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकती है. कुछ लोगों ने एंट्री-लेवल कर्मचारियों के लिए रिमोट जॉब के विकल्पों को भी राहत का रास्ता बताया.
क्या सिर्फ नौकरी मिलना काफी है?
इस चर्चा ने करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं के सामने मौजूद एक अहम सवाल को फिर से उठाया है. नौकरी मिलने का मतलब केवल सैलरी पाना नहीं, बल्कि उस शहर में रहने और अपने खर्च संभालने की क्षमता भी है. ऐसे में नौकरी चुनते समय पैकेज के साथ किराया, ट्रांसपोर्ट और दूसरे जरूरी खर्चों का हिसाब लगाना भी जरूरी हो जाता है. हालांकि, बेंगलुरु में 50 हजार रुपये से कम कमाने वाले सभी फ्रेशर्स की स्थिति एक जैसी नहीं है. रहने की जगह, शेयर रूम, ऑफिस से दूरी और व्यक्तिगत खर्चों के आधार पर उनका बजट अलग-अलग हो सकता है. फिर भी सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह बहस दिखाती है कि युवाओं के लिए शुरुआती नौकरी में करियर का अनुभव और आर्थिक स्थिरता, दोनों मायने रखते हैं.