scorecardresearch
 

गुजरात में सीनियर अफसरों का Whatsapp चैट वायरल, जिग्नेश को एनकाउंटर का डर

जिग्नेश ने कहा है कि यह गंभीर मसला है. दो सीनियर पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मेरा एनकाउंटर हो सकता है. जिग्नेश ने कहा है कि वह DGP, गृह मंत्री और गृह सचिव से इसकी शिकायत करेंगे.

Advertisement
X
जिग्नेश मेवाणी
जिग्नेश मेवाणी

गुजरात के दलित नेता और वडगाम से विधायक जिग्नेश मेवाणी ने राज्य की पुलिस से अपनी जान को खतरे की आशंका जाहिर की है. दरअसल मेवाणी ने कुछ सीनियर पुलिस ऑफिसर्स के बीच कथित व्हाट्सऐप चैट के वायरल होने के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर संदेह जाहिर किया है.

गौरतलब है कि शुक्रवार को एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर गुजरात के कुछ पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बातचीत तेजी से वायरल हुई. इस व्हाट्सऐप ग्रुप से कई सीनियर पुलिस ऑफिसर और मीडियाकर्मी जुड़े हुए हैं. वायरल हुए चैट में दो वीडियो भी शामिल हैं.

एक वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी नेता जैसे लग रहे एक व्यक्ति की पिटाई कर रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में बदमाशों के एनकाउंटर से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे हैं.

Advertisement

व्हाट्सऐप ग्रुप पर शुक्रवार को यह दोनों होने के बाद अहमदाबाद रूरल के डिप्टी SP ने एक टेक्स्ट मैसेज किया. उन्होंने लिखा है, "जो पुलिस का बाप बनना चाहते हैं और पुलिस को लखोटा कहते हैं और जो पुलिस वालों का वीडियो बनाते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि उन जैसे लोगों से पुलिस ऐसा ही व्यवहार करती है. हिसाब बराबर. गुजरात पुलिस."

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में जिग्नेश के हवाले से कहा गया है कि यह गंभीर मसला है. दो सीनियर पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मेरा एनकाउंटर हो सकता है. जिग्नेश ने कहा है कि वह DGP, गृह मंत्री और गृह सचिव से इसकी शिकायत करेंगे.

गौरतलब है कि बीते 18 फरवरी को दलित कार्यकर्ता भानु वणकर की मौत के बाद आयोजित अहमदाबाद बंद के लिए धरना देने जा रहे जिग्नेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उस समय जिग्नेश और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ.

वीडियो में जिग्नेश पुलिस वालों से कहते नजर आ रहे हैं कि 'यह आपके बाप की जागीर नहीं है'. इतना ही नहीं हिरासत में ले रहे सादी वर्दी वाले एक पुलिसकर्मी के लिए जिग्नेश ने 'लखोटा' शब्द का भी इस्तेमाल किया था.

जिग्नेश ने शुक्रवार को ट्वीट कर अपनी जाहिर की है. उन्होंने एक गुजराती वेब पोर्टल का लिंक शेयर करते हुए लिखा है कि दो पुलिस अधिकारी आपस में मेरा एनकाउंटर करने को लेकर चर्चा करते पकड़े गए हैं.

Advertisement

वहीं अहमदाबाद के SP (रूरल) का कहना है कि उन्होंने कहीं से आए मैसेज को सिर्फ फॉरवर्ड कर दिया है और उनके मैसेज का गलत मतलब निकाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि न तो यह व्यक्तिगत मैसेज है और न ही किसी को किसी तरह की धमकी.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement