उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जनपद की पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. दरअसल, पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया था. इस दौरान बाइक सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. इसमें एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया. एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया. पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है.
दरअसल, शाहपुर थाना पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मीरापुर लछेडा नहर पर चेकिंग अभियान चलाया था. इस दौरान बाइक पर सवार दो लोगों को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया. जिस पर पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की.
इसमें एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश मतलूब पुलिस की गोली से घायल हो गया. इस मुठभेड़ में एक सिपाही पुनीत भी घायल हुआ है. घायल बदमाश का एक साथी जंगल के रास्ते मौके से भागने में कामयाब हो गया. जिसकी धरपक्कड़ के लिए पुलिस ने घंटों तक जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी.
मुजफ्फरनगर ग्रामीण के एसपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ़्त में आया बदमाश बड़ा ही शातिर हिस्ट्रीशीटर है. जिसपर विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, चोरी और गैंगस्टर जैसे लगभग एक दर्जन मुकदमें दर्ज हैं.