पुणे जिले के उरुली कांचन इलाके से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति पर अपनी पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर एसिड डालने का आरोप लगा है. इस हमले में 24 साल की महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज फिलहाल पुणे के ससून जनरल अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक यह घटना 20 अप्रैल को पुणे जिले के हवेली तालुका स्थित उरुली कांचन इलाके में हुई थी. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका पति अक्सर उसके चरित्र पर शक करता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. महिला का यह भी कहना है कि दो बेटियों के जन्म के बाद पति उसे बेटे को जन्म न देने को लेकर ताने देता था और मारपीट करता था.
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था. घर आते ही उसने पत्नी पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि इसके बाद उसने महिला की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके प्राइवेट पार्ट पर एसिड डाल दिया. इस हमले से महिला दर्द से चीख उठी और घर से बाहर भागने की कोशिश करने लगी.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह मदद के लिए बाहर जाने लगी तो आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया. इसके बाद भी वह लगातार उसके साथ मारपीट करता रहा. महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाले एक रिश्तेदार को शक हुआ, जिसके बाद उसने पीड़िता के ससुराल वालों को घटना की जानकारी दी.
महिला का आरोप है कि घर से निकलने से पहले आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा. इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह भी दावा किया कि एसिड अटैक के बाद उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया. बल्कि करीब 15 दिनों तक उसे घर के अंदर ही बंद रखा गया और किसी से मिलने नहीं दिया गया.
महिला ने बताया कि 9 मई को जब उसका पति काम पर गया, तब उसे घर से निकलने का मौका मिला. वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर किसी तरह वहां से भागी और सीधे अपने मायके पहुंची. वहां उसने अपने परिवार वालों को पूरी घटना के बारे में बताया. यह सुनकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए और तुरंत पुलिस के पास पहुंचे.
इसके बाद पीड़िता के परिजन उरुली कांचन पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत महिला को मेडिकल जांच और इलाज के लिए ससून जनरल अस्पताल भेजा. इलाज के बाद महिला ने 16 मई को औपचारिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया.
मामले की जांच कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वांगडे ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. पुलिस पूरे मामले में सबूत जुटाने और आरोपी की भूमिका की विस्तार से जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.