scorecardresearch
 

ओडिशा: पत्नी ने गुस्से में पति के सिर पर दे मारा मोबाइल, चली गई जान

ओडिशा के बलांगीर में एक युवक की मौत के बाद विवाद गहरा गया है. मृतक के पिता ने बहू पर मोबाइल से हमला कर बेटे को घायल करने और अंतिम समय में उसकी बेटी से नहीं मिलने देने का आरोप लगाया है. दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि युवक लंबे समय से लिवर की बीमारी से पीड़ित था. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत का कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा.

Advertisement
X
पिता ने आरोप लगाया कि बेटे से मिलने नहीं दिया गया. Photo ITG
पिता ने आरोप लगाया कि बेटे से मिलने नहीं दिया गया. Photo ITG

ओडिशा के बलांगीर जिले में एक युवक की मौत के बाद पारिवारिक विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक के पिता ने अपनी बहू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि बेटे की मौत से पहले उसे अपनी बेटी से मिलने तक नहीं दिया गया.

मामला बलांगीर जिले के लक्ष्मीजोर थाना क्षेत्र के चिमिनी भाटीपाड़ा गांव का है. पुलिस के अनुसार, स्वप्नेश्वर मिश्रा को 9 जुलाई को तेज पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक के पिता प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने लक्ष्मीजोर थाने में लिखित शिकायत देकर बहू अनामिका सतपथी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 जून को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान अनामिका ने स्वप्नेश्वर पर मोबाइल फोन से हमला कर दिया था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और टांके लगाने पड़े थे. बाद में यह मामला पुलिस थाने में आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था.

Advertisement

पिता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद बहू के परिजन उसे और उसकी बेटी को अपने साथ ले गए. उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान स्वप्नेश्वर बार-बार अपनी बेटी से मिलने की इच्छा जताते रहे, लेकिन उन्हें अंतिम समय तक बेटी से नहीं मिलाया गया.

वहीं, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्वप्नेश्वर लंबे समय से लिवर की बीमारी से पीड़ित थे. 9 जुलाई को उन्हें तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और दूसरे अस्पताल ले जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

पुलिस ने मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर अप्राकृतिक मौत (यूडी) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भीमा भोई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement