लुधियाना में लाधोवाल बाईपास के पास मन्नेवाल गांव के पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शनिवार देर शाम कुछ अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने 57 वर्षीय नवतेज सिंह नीतू को निशाना बनाया. वारदात उस वक्त हुई, जब नवजीत सिंह अपनी टोयोटा इनोवा कार से घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि वह अकेले कार चला रहे थे और कृष्णा नगर स्थित अपने घर जा रहे थे.
इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि ये पूरी साजिश किसी बाहर के शख्स ने नहीं बल्कि मृतक के चचेरे भाई ने रची थी. जांच में सामने आया है कि पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश नहीं, बल्कि 78 एकड़ पैतृक जमीन का पुराना विवाद था.
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच यह विवाद कई दशकों से चला आ रहा था. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी टकराव और धमकियों की जानकारी पुलिस को मिली है. जांच में आरोप है कि नवतेज सिंह के चचेरे भाई ने कथित तौर पर साजिश रची और सुपारी देकर शूटरों से उनकी हत्या करवाई.
थाना लाडोवाल पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे और बाद में पैतृक जमीन का बंटवारा हुआ था. बंटवारे में एक परिवार के हिस्से करीब 34 एकड़ और दूसरे परिवार के हिस्से करीब 44 एकड़ जमीन आई. नवतेज सिंह और उनके चचेरे भाई के परिवारों की जमीनें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, जिसके चलते जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर विवाद बना रहा.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जमीन का विवाद सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था, बल्कि मामला अदालतों तक पहुंच चुका था. दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर मुकदमे स्थानीय अदालतों से लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक चले हैं. पुलिस को जांच के दौरान दोनों परिवारों के बीच पहले हुए विवाद, टकराव और धमकियों से जुड़े इनपुट भी मिले हैं. अब पुलिस इसी पुराने जमीन विवाद, कथित साजिश और सुपारी देकर हत्या करवाने के आरोपों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है.
आपको बता दें कि वारदात के दिन नवतेज सिंह रोज की तरह मन्नेवाल गांव में अपनी जमीन देखने गए थे. देर शाम वह वहां से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान लाधोवाल बाईपास के पास बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. इस पूरी वारदात का वीडियो उनकी कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया.
पुलिस ने नवतेज सिंह की कार और उसमें लगे डैशकैम को कब्जे में ले लिया है. पुलिस अब डैशकैम की रिकॉर्डिंग के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नीतू को करीब 10 गोलियां लगी थीं. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. पुलिस के मुताबिक, उन्हें कई गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.