झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि चार युवक तीन नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर स्कूटी और बाइक से मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए थे. वहां आरोपियों ने दो लड़कियों के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. घटना सोमवार रात की बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, चारों आरोपी तीन लड़कियों को स्कूटी और बाइक पर बैठाकर मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए थे. वहां पहुंचने के बाद लड़कियों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया.
पीड़िताएं दो सगी बहनें हैं, जो मुरहू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं. वहीं, तीसरी लड़की सोयको थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है. आरोप है कि इसी दौरान दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया.
घटना के बाद मंगलवार को पीड़िताओं और उनके परिजनों ने खूंटी महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों पीड़िताओं का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच और छापेमारी करते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एसपी के मुताबिक, आरोपियों को बुधवार को जेल भेजा जाएगा. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इस घटना को लेकर बीजेपी प्रवक्ता संदीप वर्मा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि खूंटी में गैंगरेप की घटना पुलिस प्रशासन की विफलता और राज्य सरकार की कमजोर कानून-व्यवस्था का संकेत है.
उनके मुताबिक, राज्य में पुलिसिंग का इकबाल खत्म होता दिखाई दे रहा है. उन्होंने सरकार से इस मामले की जिम्मेदारी लेने और त्वरित कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही उन्होंने राज्य में नियमित डीजीपी की नियुक्ति की मांग भी उठाई.