scorecardresearch
 

आजतक ई-पेपर का एक साल: नई पत्रकारिता की दस्तक

आजतक ई-पेपर ने एक साल का सफर पूरा कर लिया है. इस दौरान डिजिटल पत्रकारिता में नए प्रयोगों के जरिए पाठकों को खबरें पढ़ने का अलग अनुभव देने की कोशिश की गई. अब दूसरे साल में ई-पेपर अपनी नई शुरुआत और विस्तार के साथ पाठकों के लिए क्या कुछ लेकर आ रहा है, जानिए इस खास रिपोर्ट में.

Advertisement
X
आजतक ई-पेपर ने डिजिटल पत्रकारिता में एक साल पूरे किए.
आजतक ई-पेपर ने डिजिटल पत्रकारिता में एक साल पूरे किए.

आमतौर पर किसी संस्थान, उत्पाद या व्यवस्था के लिए एक साल का समय उसकी शैशव अवस्था ही माना जाता है. इस दौरान वह अपनी पहचान बनाने, अपनी कार्यशैली विकसित करने और लोगों के बीच जगह बनाने की कोशिश करता है. आजतक मीडिया हाउस के ई-पेपर ने भी गुरुवार को अपनी यात्रा का एक साल पूरा कर लिया. उम्र के लिहाज से यह भले ही एक छोटी अवधि हो, लेकिन इस दौरान डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में इसने कुछ ऐसे प्रयोग किए हैं, जो इसे परंपरागत अखबारों के ई-पेपर से अलग खड़ा करते हैं. पहली वर्षगांठ का यह अवसर इन प्रयोगों और उपलब्धियों को देखने-समझने के साथ यह विचार करने का भी है कि आने वाले समय में इस सफर को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए.

अखबार की दुनिया में डिजिटल माध्यम का विस्तार कोई नई बात नहीं है. लगभग सभी बड़े समाचार संस्थानों ने अपने प्रिंट संस्करणों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है. लेकिन सवाल सिर्फ अखबार के पन्नों को मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाने का नहीं है. असली चुनौती यह है कि डिजिटल माध्यम की क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए पाठकों को ऐसा अनुभव दिया जाए, जो उन्हें पारंपरिक अखबार से कुछ अधिक दे सके. आजतक ई-पेपर ने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयोग किया है.

इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक खबरों का विस्तृत स्वरूप है. आमतौर पर प्रिंट अखबार में किसी खबर को यदि सिंगल कॉलम में जगह मिली है तो पाठक को उसी सीमित स्थान में उपलब्ध जानकारी से संतोष करना पड़ता है. दूसरे अखबारों के ई-पेपर में भी अक्सर यही व्यवस्था दिखाई देती है. लेकिन आजतक ई-पेपर में पाठक किसी खबर पर क्लिक करके उससे जुड़ी विस्तृत जानकारी तक पहुंच सकता है. यानि कि अखबार के पन्ने पर जगह की सीमा खबर की जानकारी की सीमा नहीं बनती. एक छोटी खबर के पीछे की पूरी कहानी, उसके संदर्भ और उससे जुड़े दूसरे पहलुओं को जानने का अवसर मिलता है. यह सुविधा ई-पेपर को केवल प्रिंट संस्करण का डिजिटल प्रतिरूप नहीं रहने देती, बल्कि उसे प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता के बीच एक प्रभावी सेतु बनाती है. पाठक के लिए एक क्लिक में खबर का विस्तार उपलब्ध होना आज के व्यस्त समय में बड़ी सुविधा है.

Advertisement

आजतक ई-पेपर की एक और खासियत इसका मिला-जुला स्वरूप है. इसे टीवी, डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता के संगम के रूप में विकसित करने की कोशिश की गई है. टेलीविजन की सबसे बड़ी ताकत दृश्य माध्यम है. इसी को ध्यान में रखते हुए अखबार में हर दिन की प्रमुख खबरों के साथ वीडियो उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है. पाठक खबर को पढ़ने के साथ उसका वीडियो भी देख सकता है. दूसरी ओर, डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में वायरल और ट्रेंड करने वाली खबरों के लिए अलग पेज की व्यवस्था है. इससे सोशल मीडिया और इंटरनेट पर चर्चा में रहने वाले विषयों को भी अखबार में उचित स्थान मिलता है. वहीं प्रिंट पत्रकारिता की असली ताकत यानी खबरों का विश्लेषण, पृष्ठभूमि और गंभीर रिपोर्टिंग भी इस संस्करण का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस तरह पाठक को एक ही प्लेटफॉर्म पर खबर, उसका दृश्य रूप, डिजिटल ट्रेंड और उसका विश्लेषण उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है.

आज के भारत में धर्म और धार्मिक गतिविधियां सार्वजनिक विमर्श का एक बड़ा हिस्सा बन चुकी हैं. धार्मिक आयोजन, परंपराएं, तीर्थस्थल, त्योहार और उनसे जुड़े सामाजिक-सांस्कृतिक सवाल लगातार खबरों में रहते हैं. पाठकों की इसी रुचि और बदलते सामाजिक परिवेश को ध्यान में रखते हुए आजतक ई-पेपर में प्रतिदिन एक पूरा पेज धर्म और धार्मिक विषयों के लिए समर्पित किया गया है. इस पेज को पाठकों का लगातार स्नेह मिलना बताता है कि अखबार ने उनकी रुचियों और जरूरतों को समझने की कोशिश की है. हालांकि, इस तरह की सामग्री में जानकारी, संदर्भ और तथ्यपरकता का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है. धार्मिक विषयों को केवल आस्था के नजरिये से नहीं, बल्कि उनके सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ प्रस्तुत करना पत्रकारिता की जिम्मेदारी है.

Advertisement

ई-पेपर का संपादकीय पेज भी उसकी पहचान का एक महत्वपूर्ण आधार बना है. आमतौर पर प्रिंट मीडिया में किसी बड़ी घटना पर विस्तृत विश्लेषण और ओपिनियन आने में थोड़ा समय लग जाता है. खबर के तत्काल प्रभाव के बाद उसके विभिन्न पहलुओं को समझने और उस पर विचार प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में समय लगता है. लेकिन डिजिटल माध्यम की गति का लाभ उठाते हुए आजतक ई-पेपर में कोशिश की गई है कि किसी महत्वपूर्ण घटना का विश्लेषण उसी दिन पाठकों तक पहुंचे. समसामयिक घटनाओं, राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और देश-दुनिया के ज्वलंत सवालों पर नियमित ओपिनियन और विश्लेषण इसी सोच का हिस्सा हैं. इसका उद्देश्य केवल यह बताना नहीं है कि क्या हुआ, बल्कि यह भी समझाना है कि क्यों हुआ और उसका व्यापक असर क्या हो सकता है.

इस ई-पेपर की एक उल्लेखनीय विशेषता 365 दिन का प्रकाशन भी है. भारत में अखबारों के सामने त्योहारों और राष्ट्रीय अवकाशों पर प्रकाशन को लेकर लंबे समय से व्यावहारिक चुनौतियां रही हैं. कई शहरों में इन दिनों अखबार प्रकाशित नहीं होते. लखनऊ जैसे बड़े शहर में भी साल भर में छह से अधिक दिन अखबारों का प्रकाशन बाधित रहता है. ऐसे अवसरों पर पाठकों को सुबह अखबार नहीं मिल पाता. डिजिटल युग में भी कई अखबारों के ई-पेपर अपने प्रिंट संस्करण की छुट्टियों के साथ ही बंद रहते हैं. आजतक ई-पेपर ने इस परंपरा से अलग रास्ता चुना है. उसका प्रयास है कि होली, दीपावली, ईद, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस या किसी अन्य महत्वपूर्ण अवसर पर भी पाठकों तक खबरें पहुंचती रहें. साल के सभी 365 दिन प्रकाशन की यह प्रतिबद्धता सिर्फ तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि पाठकों के प्रति जवाबदेही का भी परिचायक है. खबरों की दुनिया में घटनाएं किसी कैलेंडर या अवकाश की प्रतीक्षा नहीं करतीं, इसलिए पाठकों को भी हर दिन सूचनाओं से जुड़े रहने का अवसर मिलना चाहिए.

Advertisement

हालांकि, एक साल की उपलब्धियां भविष्य की चुनौतियों को कम नहीं करतीं. डिजिटल माध्यम में पाठकों की अपेक्षाएं लगातार बदल रही हैं. मोबाइल पर बेहतर पठनीयता, पेजों की सहज उपलब्धता, वीडियो और खबरों के बीच बेहतर तालमेल, डेटा आधारित प्रस्तुतियां और पाठकों की प्रतिक्रिया को समझना आने वाले समय की प्राथमिकताएं होनी चाहिए. यह भी जरूरी है कि खबरों की गति के बीच तथ्यों की विश्वसनीयता, भाषा की शुद्धता और संपादकीय संतुलन से कोई समझौता न हो.

एक साल का सफर पूरा होना उत्सव का अवसर जरूर है, लेकिन इससे अधिक यह अपनी क्षमताओं को पहचानने और आगे की दिशा तय करने का समय है. आजतक ई-पेपर ने पहले साल में यह संकेत दिया है कि डिजिटल अखबार केवल छपे हुए पन्नों का इलेक्ट्रॉनिक संस्करण नहीं होना चाहिए. वह खबरों का विस्तार भी हो सकता है, वीडियो का माध्यम भी, विश्लेषण का मंच भी और पाठकों से हर दिन जुड़ने का जरिया भी. इसी को देखते हुए और  पिछले एक साल के अनुभव और पाठकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आजतक ई-पेपर अब अपने विस्तार की नई शुरुआत कर रहा है. आज से अखबार में चार नए पेज जुड़ रहे हैं. विज्ञान, रक्षा और प्रकृति से जुड़ी जानकारियों के लिए अलग पेज होंगे, ताकि युवा पीढ़ी को इन क्षेत्रों के नए शोध, बदलावों और उपलब्धियों से जोड़ा जा सके. इसके अलावा लाइफस्टाइल, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी अलग पेज शुरू किए जा रहे हैं. जेन G को देश की संस्कृति साहित्य और नई किताबों की जानकारी और किसी खास विषय पर एक्सप्लेनर भी पढ़ने को मिले इसकी भी व्यवस्था की जा रही है. स्थानीय खबरों की बढ़ती अहमियत को देखते हुए राज्यों की खबरों के पेज भी एक से बढ़ाकर दो किए जा रहे हैं. यह विस्तार केवल पन्नों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पाठकों की बदलती रुचियों और जरूरतों के अनुरूप एक अधिक व्यापक, उपयोगी और समृद्ध अखबार देने का संकल्प है. यही संकल्प आजतक ई-पेपर के दूसरे साल की नई पहचान बनेगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement