केरल के इडुक्की जिले में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और सास की हत्या कर दी. इस हमले में आरोपी का ससुर भी घायल हो गया. यह पूरी घटना पीरमेड के ग्लेनमैरी एस्टेट स्थित घर में हुई. गुरुवार को ये मामला सामने आया. पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात हुई की है. वारदात के कुछ समय बाद ही आरोपी प्रिंस (40) को हिरासत में ले लिया गया.
मृतकों की पहचान प्रिंस की पत्नी प्रियंका (35) और उसकी मां नेसम्मा (60) के रूप में हुई है. प्रियंका के पिता इजरावेल (65) हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए पड़ोसी कोट्टायम जिले के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस के घर पहुंचने के बाद ही उसकी पत्नी प्रियंका से बहस हो गई. इसके बाद उसने प्रियंका और उसकी मां पर एक हथियार से हमला कर दिया. इस दौरान पत्नी के पिता इजरावेल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: बर्थडे पार्टी में दोस्त ही बना दुश्मन! लुधियाना के मशहूर पंडित कुलचे वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या
पत्नी और उसके माता-पिता से रंजिश का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी और उसके माता-पिता से रंजिश रखता था. आरोप है कि उसने उन सभी को जान से मारने के इरादे से पिछली रात उनके घर के सामने हमला किया.
गल्फ कंट्री से लौटी थी पत्नी, होते थे झगड़े
प्रियंका हाल ही में खाड़ी देश से केरल लौटी थी. पुलिस ने बताया कि उसके वापस आने के बाद से दंपति के बीच घरेलू विवाद चल रहा था. हालांकि, पुलिस ने इन विवादों के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है.
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 109(1) के तहत हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि घायल इजरावेल का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है.