scorecardresearch
 

पत्नी का नाइटड्रेस पहनना नहीं था पसंद, पति ने केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया

बेलगावी के नंदगड गांव में पति-पत्नी के बीच कपड़ों को लेकर विवाद हिंसक हो गया. कृष्णा पाटिल ने गुस्से में पत्नी मंजुला पाटिल पर केरोसिन डालकर आग लगा दी, जिससे वह 80% झुलस गईं. पहले उन्हें बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया, फिर गंभीर हालत में गोवा रेफर किया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
पति को पत्नी का साड़ी की जगह नाइट ड्रेस पहनना पसंद नहीं था. (Photo: Representational)
पति को पत्नी का साड़ी की जगह नाइट ड्रेस पहनना पसंद नहीं था. (Photo: Representational)

कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने पत्नी के कपड़ों को लेकर हुए विवाद में उसे जिंदा जला दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति को पत्नी का साड़ी की जगह नाइट ड्रेस पहनना पसंद नहीं था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था.

यह घटना मंगलवार रात खानापुर तालुका के नंदगड गांव में हुई. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 34 वर्षीय कृष्णा पाटिल के रूप में हुई है, जबकि पीड़िता उनकी 32 वर्षीय पत्नी मंजुला पाटिल हैं.

घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई. आरोप है कि गुस्से में आकर कृष्णा पाटिल ने अपनी पत्नी पर केरोसिन डालकर आग लगा दी.
इस हमले में मंजुला पाटिल करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गईं. 

उन्हें पहले बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (बीआईएमएस) में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में बेहतर इलाज के लिए गोवा के एक अस्पताल में रेफर किया गया. पुलिस ने नंदगड थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement