scorecardresearch
 

सरकारी आवास, जन्मदिन का झांसा... नाबालिग छात्रा को घर बुलाकर किया रेप, दो पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर नाबालिग छात्रा को घर बुलाने और उसके संग रेप करने के आरोप में एसएएफ बटालियन के दो आरक्षकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें दो वर्दीवालों की करतूत.

Advertisement
X
पुलिस आरोपी समेत 2 कांस्टेबल गिरफ्तार किए हैं (फोटो-ITG)
पुलिस आरोपी समेत 2 कांस्टेबल गिरफ्तार किए हैं (फोटो-ITG)

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पुलिस कांस्टेबल पर नाबालिग छात्रा को बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर सरकारी आवास में बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

इस मामले में आरोपी का एक साथी आरक्षक भी पुलिस की गिरफ्त में है. दोनों आरोपी विशेष सशस्त्र बल (SAF) बटालियन में तैनात बताए जा रहे हैं. मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी कांस्टेबल पहले से नाबालिग छात्रा के संपर्क में था. आरोप है कि उसने अपनी बेटी के जन्मदिन का कार्यक्रम होने की बात कहकर छात्रा को अपने सरकारी आवास पर बुलाया. छात्रा भरोसा कर वहां पहुंच गई, लेकिन वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे बाहर नहीं जाने दिया और कथित तौर पर बंधक बना लिया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद कांस्टेबल ने छात्रा के साथ जबरदस्ती की और उसके साथ रेप किया. वहीं, आरोपी का दूसरा साथी अपने चार साल के बेटे के साथ घर के बाहर पहरा देता रहा ताकि कोई अंदर न आ सके.

Advertisement

पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. परिवार के लोग तुरंत छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी.

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, फोरेंसिक जांच और अन्य जरूरी सबूत एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है. जांच अधिकारी आरोपी से भी पूछताछ कर रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी.

एडिशनल डीसीपी (ADCP) अनिल शर्मा ने बताया कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में दो आरक्षक आरोपी पाए गए हैं, जो SAF बटालियन में पदस्थ थे. पीड़िता की शिकायत के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि आरोप कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों पर लगे हैं. ऐसी घटनाएं आम लोगों के बीच पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करती हैं. फिलहाल, दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं. जांच पूरी होने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement