scorecardresearch
 

अमरावती सेक्स स्कैंडल: अयान के बाद अब दोस्त उजैर भी पुलिस के शिकंजे में, 16 साल की पीड़िता की मां ने दर्ज कराया केस

Amravati Scandal: अमरावती के चर्चित वीडियो वायरल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के दोस्त उजैर इकबाल पर केस दर्ज किया है. 15 साल की एक अन्य पीड़िता का बयान भी शामिल किया गया है. डिजिटल सबूतों और जब्त लैपटॉप-मोबाइल के जरिए पुलिस अब वीडियो फैलाने वालों की कुंडली खंगाल रही है.

Advertisement
X
अमरावती केस में आरोपी अयान के दोस्त पर शिकंजा (Photo- Screengrab)
अमरावती केस में आरोपी अयान के दोस्त पर शिकंजा (Photo- Screengrab)

Maharashtra News: अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नाबालिग लड़कियों के शोषण और वीडियो वायरल करने के मामले में रविवार को नया मोड़ आने की पुष्टि की है. मुख्य आरोपी अयान के दोस्त उजैर इकबाल के खिलाफ 16 वर्षीय पीड़िता की मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

उजैर पर आपत्तिजनक वीडियो को मोबाइल के जरिए वायरल करने का गंभीर आरोप है. पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए हैं ताकि डिजिटल साक्ष्यों को पुख्ता किया जा सके. 15 साल की एक और नाबालिग पीड़िता का बयान भी इस मामले में दर्ज किया गया है.

उजैर इकबाल पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

अमरावती ग्रामीण के एसपी विशाल आनंद ने बताया कि उजैर इकबाल के खिलाफ मिली शिकायत के बाद पुलिस ने उसे भी घेरे में ले लिया है. आरोप है कि उसने मोबाइल का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो फैलाए. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच का मुख्य आधार डिजिटल सबूत ही होंगे, जिसके लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है.

Advertisement

15 साल की पीड़िता का बयान और डिजिटल जांच

केस की जांच के दौरान एक 15 वर्षीय लड़की का बयान भी सामने आया है, जिसे मौजूदा शिकायत का हिस्सा बनाया गया है. हालांकि, इस बयान के आधार पर फिलहाल कोई नई धारा नहीं जोड़ी गई है. पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के पास से कई अहम उपकरण जैसे मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए हैं. इन उपकरणों की बारीकी से जांच हो रही है ताकि यह पता चल सके कि वीडियो कहां से शुरू हुए और किन-किन लोगों तक पहुंचे.

पीड़िताओं की पहचान और सख्त पुलिसिया एक्शन

एसपी विशाल आनंद ने कड़े निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान पीड़िताओं की निजता का पूरा ख्याल रखा जाए और उनकी पहचान किसी भी हाल में उजागर न हो. पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण वीडियो हाथ लगे हैं, जिन्हें कोर्ट में साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा. विभाग का दावा है कि पुख्ता सबूतों के जरिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी ताकत से कार्रवाई जारी है. इलाके में इस घटना को लेकर तनाव और संवेदनशीलता बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement