दिवाली से पहले गुजरात के अहमदाबाद में खाद्य विभाग ने 45 हजार किलो से ज्यादा संदिग्ध मावा जब्त किया है. नगर निगम के फूड विभाग की टीम ने गोमतीपुर इलाके के एक कोल्ड स्टोरेज में जांच के दौरान यह कार्रवाई की. मावा के पैकेट पर एक्सपायरी डेट और बैच नंबर जैसी जरूरी जानकारियां नहीं मिलीं. विभाग ने मावा की बिक्री पर रोक लगाकर उसके सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं.
अहमदाबाद नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कोल्ड स्टोरेज में करीब 50 व्यापारियों का 1.02 लाख किलो मावा और मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली दूसरी सामग्री रखी गई थी. दिवाली के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य विभाग शहर में अलग-अलग जगहों पर जांच अभियान चला रहा है. इसी दौरान गोमतीपुर के कोल्ड स्टोरेज में मावा के इस स्टॉक की जांच की गई.
अहमदाबाद नगर निगम के फूड विभाग के अधिकारी डॉ. तेजस पटेल ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में रखे मावा के सैंपल लिए जा रहे हैं. जांच के दौरान 45 हजार किलो से ज्यादा मावा के पैकेट पर एक्सपायरी डेट और बैच नंबर समेत जरूरी जानकारियां नहीं मिलीं. इसके बाद तत्काल प्रभाव से इस मावा की बिक्री पर रोक लगा दी गई.
उन्होंने कहा कि सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं. रिपोर्ट के आधार पर नियमों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मावा को संदिग्ध मानते हुए उसकी बिक्री रोकी गई है. जांच रिपोर्ट आने से पहले इसे खाने के लिए असुरक्षित घोषित नहीं किया गया है.
76 लाख रुपये आंकी गई मावा की कीमत
फूड विभाग के अधिकारी डॉ. अमित पटेल के मुताबिक, जब्त किए गए मावा की अनुमानित कीमत करीब 76 लाख रुपये है. यह मावा राजस्थान, मध्य प्रदेश और दूसरी जगहों से व्यापारियों द्वारा मंगवाया गया था.
दिवाली के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ जाती है. ऐसे में खाद्य विभाग मिठाई, फरसान, ड्राई फ्रूट्स और दूसरी खाद्य सामग्री की दुकानों व गोदामों में जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील
नगर निगम के फूड विभाग ने लोगों से दिवाली पर मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेट पर दी गई जानकारी जांचने की अपील की है. विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है.
इससे पहले भी अहमदाबाद में खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं. कुछ मामलों में मिठाई और ड्राई फ्रूट्स में कीड़े मिलने की शिकायतें सामने आई थीं, जबकि टोमैटो कैचअप में टमाटर की जगह आलू इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामने आया था. खाद्य विभाग ने ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की थी.
फिलहाल गोमतीपुर के कोल्ड स्टोरेज से लिए गए मावा के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है. इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि जब्त किए गए मावा की गुणवत्ता में किस तरह की गड़बड़ी है.