scorecardresearch
 

8th Pay Commission: बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल में क्या अंतर? 8वें वेतन आयोग के बीच समझें इनका मतलब

8th Central Pay Commission: 8वें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी की उम्मीदें जुड़ी हैं. कर्मचारी संगठनों ने न्यूनतम बेसिक पे 69,000 रुपये करने और 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग रखी है. ऐसे में बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल और फिटमेंट फैक्टर का अंतर समझना जरूरी है, क्योंकि इनका असर संशोधित वेतन की गणना पर पड़ सकता है.

Advertisement
X
बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल और फिटमेंट फैक्टर का असर संशोधित वेतन की गणना पर पड़ता है. (Photo: ITG)
बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल और फिटमेंट फैक्टर का असर संशोधित वेतन की गणना पर पड़ता है. (Photo: ITG)

केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका जवाब 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों से मिलेगा. आयोग के सामने कर्मचारियों के वेतन ढांचे में बदलाव, बेसिक पे बढ़ाने और फिटमेंट फैक्टर को लेकर कई मांगें रखी जा रही हैं. इसी कड़ी में नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) के स्टाफ साइड ने न्यूनतम बेसिक पे 69,000 रुपये करने की मांग की है.

यह मांग 3.833 के फिटमेंट फैक्टर पर आधारित है. हालांकि, अभी यह सिर्फ कर्मचारी पक्ष का प्रस्ताव है, सरकार की ओर से मंजूर वेतन नहीं. 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल और फिटमेंट फैक्टर का अंतर समझना भी जरूरी है. इनका सीधा संबंध वेतन की गणना और संभावित संशोधन से है. आइए समझते हैं कि इन शब्दों का क्या मतलब है और 8वें वेतन आयोग में इनकी भूमिका क्यों अहम है.

क्या है फिटमेंट फैक्टर?

कर्मचारी संगठनों की मांग है कि 8वें वेतन आयोग में न्यूनतम बेसिक पे को बढ़ाकर 69,000 रुपये किया जाए. इसके लिए 3.833 का फिटमेंट फैक्टर इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा गया है. फिटमेंट फैक्टर वह गुणक होता है, जिसका इस्तेमाल मौजूदा बेसिक पे को संशोधित करने की गणना में किया जा सकता है. पिछले वेतन आयोगों में भी फिटमेंट फैक्टर अहम रहा है. छठे वेतन आयोग में 1.86 और सातवें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर मंजूर किया गया था.

Advertisement

इस बार कर्मचारी संगठन ज्यादा गुणक की मांग कर रहे हैं, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनर्स की आर्थिक स्थिति को बेहतर सहारा मिल सके. लेकिन यहां यह समझना जरूरी है कि 3.833 का फिटमेंट फैक्टर और 69,000 रुपये की न्यूनतम बेसिक पे अभी मांग हैं. इन्हें सरकार की ओर से मंजूर फैसला नहीं माना जा सकता. अंतिम वेतन का हिसाब आयोग की सिफारिशों, सरकार की मंजूरी और लागू होने वाले नियमों पर निर्भर करेगा.

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: एरियर को लेकर 5वें, छठे और 7वें वेतन आयोग में क्या हुआ था? यहां पढ़ें पूरी डिटेल

बेसिक पे क्या होता है?

बेसिक पे यानी मूल वेतन किसी सरकारी कर्मचारी की सैलरी का मुख्य हिस्सा होता है. इसमें महंगाई भत्ता (DA) और मकान किराया भत्ता (HRA) जैसे भत्ते शामिल नहीं होते. इन भत्तों की गणना आम तौर पर बेसिक पे को आधार बनाकर की जाती है. उदाहरण के लिए, किसी कर्मचारी की बेसिक पे जितनी होगी, उसके आधार पर मिलने वाला महंगाई भत्ता तय होगा. मकान किराया भत्ता भी लागू नियमों और संबंधित शहर की श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया जाता है. इसलिए बेसिक पे में बदलाव होने पर कर्मचारी की कुल सैलरी पर भी असर पड़ सकता है. बेसिक पे कर्मचारी के पे लेवल और वेतन ढांचे में उसकी स्थिति के अनुसार अलग-अलग होता है.

Advertisement

ग्रेड पे क्या होता है?

ग्रेड पे की व्यवस्था छठे वेतन आयोग के दौरान शुरू की गई थी. इसका इस्तेमाल पे-बैंड के भीतर कर्मचारी के पद और वरिष्ठता को दर्शाने के लिए किया जाता था. यानी यह समझने में मदद करता था कि वेतन ढांचे में कर्मचारी किस स्तर पर है. हालांकि, सातवें वेतन आयोग ने ग्रेड पे की पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर पे मैट्रिक्स लागू किया. इससे वेतन स्तर और सालाना वेतन वृद्धि को एक व्यवस्थित ढांचे में दिखाना आसान हुआ. इसलिए मौजूदा वेतन व्यवस्था को समझते समय केवल ग्रेड पे के बजाय पे लेवल और पे मैट्रिक्स पर ध्यान देना जरूरी है.

पे लेवल क्या होता है?

सातवें वेतन आयोग ने 18 स्तरों वाला पे मैट्रिक्स लागू किया. इसमें कर्मचारी का पे लेवल उसकी वेतन स्थिति बताता है. हर स्तर पर बेसिक पे की अलग-अलग सीढ़ियां होती हैं, जिनके जरिए वेतन वृद्धि और आगे के वेतन स्तर को समझा जा सकता है. सातवें वेतन आयोग की व्यवस्था में लेवल 1 कर्मचारी का शुरुआती बेसिक पे 18,000 रुपये तय है, जबकि लेवल 7 कर्मचारी का शुरुआती बेसिक पे 44,900 रुपये है. आसान भाषा में समझें तो पे लेवल बताता है कि कर्मचारी वेतन मैट्रिक्स के किस स्तर पर है, जबकि बेसिक पे उस स्तर पर उसकी मौजूदा मूल वेतन राशि होती है. 8वें वेतन आयोग में इसी ढांचे में संभावित बदलावों पर सिफारिशें सामने आ सकती हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: फरवरी-मार्च या मई 2027... 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आएगी? एक्सपर्ट्स ने बताया

फिटमेंट फैक्टर क्यों अहम?

फिटमेंट फैक्टर को लेकर कर्मचारियों की दिलचस्पी इसलिए है, क्योंकि इसका इस्तेमाल संशोधित बेसिक पे की गणना में किया जा सकता है. अगर आयोग और सरकार किसी फिटमेंट फैक्टर को मंजूरी देते हैं, तो मौजूदा बेसिक पे के आधार पर नई बेसिक पे निकालने में यह अहम भूमिका निभाएगा. हालांकि, केवल फिटमेंट फैक्टर के आधार पर हाथ में आने वाली कुल सैलरी का सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता.

कुल वेतन पर नए पे मैट्रिक्स, भत्तों, लागू नियमों और अन्य फैसलों का भी असर होगा. इसी तरह पेंशन में बदलाव का आकलन भी अंतिम सिफारिशों और सरकार के फैसले के बाद ही किया जा सकेगा. इसलिए 3.833 के फिटमेंट फैक्टर या 69,000 रुपये की बेसिक पे के आधार पर बताई जा रही संभावित सैलरी को फिलहाल अनुमान या मांग के तौर पर ही देखना चाहिए.

मुंबई में 23 अक्टूबर को बैठक

8वें वेतन आयोग की मुंबई में 23 अक्टूबर 2026 को बैठक हो रही है. अक्टूबर में यह आयोग की दूसरी अहम बैठक है. इससे पहले 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में बैठक हुई थी. अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हुई चर्चाओं के दौरान कर्मचारी संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों ने बेसिक पे, पे लेवल, फिटमेंट फैक्टर, पेंशन सुधार और भत्तों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं. 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था. जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की संभावना है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement