scorecardresearch
 

अब देशभर में पेट्रोल पंपों पर मिलेगा 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर

पांच महानगरों में पायलट योजना की सफलता के बाद पेट्रोलियम मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने अब देशभर में पेट्रोल पंपों पर 5 किलो के रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बिक्री की अनुमति दे दी है.

Advertisement
X
रसोई गैस सिलेंडर
रसोई गैस सिलेंडर

पांच महानगरों में पायलट योजना की सफलता के बाद पेट्रोलियम मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने अब देशभर में पेट्रोल पंपों पर 5 किलो के रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बिक्री की अनुमति दे दी है.

पांच अक्टूबर को शुरू की गई पायलट योजना के तहत दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलूर में तेल कंपनियों के स्वामित्व एवं परिचालन वाले पेट्रोल पंपों पर 5 किलो के सिलेंडर की बिक्री की अनुमति दी गई.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब मोइली ने देशभर में तेल कंपनियों के स्वामित्व वाले सभी पेट्रोल पंपों पर इन छोटे सिलेंडरों की बिक्री की अनुमति दे दी है. इन छोटे सिलेंडरों को बाजार मूल्य पर बेचा जाएगा जो सब्सिडी वाले सिलेंडर के मुकाबले दोगुने से भी अधिक महंगा है.

हालांकि, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में योजना को टाल दिया गया है, क्योंकि इन राज्यों में नवंबर और दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश के अन्य हिस्सों में योजना को लागू करने के आदेश जारी कर दिये.

Advertisement

उन पेट्रोल पंपों को भी इस योजना के दायरे में लाया जा सकता है जो कंपनी के स्वामित्व व परिचालन में नहीं है, लेकिन यह काम सांविधिक मंजूरियां मिलने के बाद ही हो सकेगा. पेट्रोल पंपों को सुरक्षा नियमों के अनुरूप उपाय करने होंगे और योजना में दी गई शर्तों को पूरा करना होगा.

देशभर में 1,440 पेट्रोल पंपों का स्वामित्व एवं परिचालन इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के हाथों में है, जबकि कुल 47,000 पेट्रोल पंप चल रहे हैं.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement