इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार की मध्यरात्रि से डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 1 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. यह जानकारी कंपनी ने शुक्रवार को दी. आईओसी ने दो महीने के अंतराल के बाद डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है.
कंपनी ने बयान में कहा है कि आईओसी ने डीजल की खुदरा बिक्री की कीमतों में 10 मई की मध्यरात्रि से प्रति लीटर 1 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया है. इसमें अप्रैल और मई 2013 की बढ़ोतरी शामिल है.
स्थानीय करों को जोड़ने के बाद डीजल की कीमत दिल्ली में 49.69 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 53.97 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 56.06 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 52.92 रुपये प्रति लीटर होगी.
आईओसी ने कहा कि सरकार द्वारा तेल कंपनियों को हरेक महीने सीमित दायरे में डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए अधिकृत करने के बाद हाई स्पीड डीजल (खुदरा) की कीमतों में प्रति लीटर 0.45 रुपये की बढ़ोतरी तीन बार की गई. इस साल 18 जनवरी, 16 फरवरी और 13 मार्च को कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी.