scorecardresearch
 

NCR में घरों की कीमतों में उछाल, 8 करोड़ से ऊपर के फ्लैट की सेल 36 गुना बढ़ी

NCR में आवासीय संपत्तियों की बिक्री का कुल मूल्य 2023 के करीब 94,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025 में 1.63 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया.

Advertisement
X
NCR में रियल एस्टेट का तेजी से विस्तार (Photo-ITG)
NCR में रियल एस्टेट का तेजी से विस्तार (Photo-ITG)

NCR अब केवल दिल्ली तक सीमित महानगरीय क्षेत्र नहीं, बल्कि देश के प्रमुख आर्थिक और रियल एस्टेट केंद्रों में से एक बन चुका है. गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहर इस विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं. PropEquity की रिपोर्ट के मुताबिक, NCR का आवासीय संपत्ति बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है. रिपोर्ट में बढ़ती मांग, घरों की कीमतों में वृद्धि और बड़े डेवलपरों की मजबूत होती स्थिति को प्रमुख बदलाव बताया गया है.

PropEquity की रिपोर्ट के अनुसार, NCR में आवासीय संपत्तियों की बिक्री का कुल मूल्य 2025 में करीब 1.63 लाख करोड़ रुपये रहा. 2023 में यह लगभग 94,000 करोड़ रुपये था. इस तरह दो वर्षों में बिक्री मूल्य में करीब 73 प्रतिशत की वृद्धि हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम का योगदान सबसे अधिक रहा और 2025 में यहां लगभग 1 लाख करोड़ रुपये मूल्य की आवासीय संपत्तियों की बिक्री हुई.

रिपोर्ट में बताया गया है कि NCR में घरों की मांग के साथ-साथ नई परियोजनाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. वर्ष 2010 से 2025 के बीच नए आवासीय प्रोजेक्ट की औसत कीमत में सालाना लगभग 12 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई.

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार और सोने को टक्कर दे रहा मुंबई का प्रॉपर्टी मार्केट, लोग जमकर लगा रहे हैं पैसा

Advertisement

गुरुग्राम और नोएडा में तेजी से बढ़ीं कीमतें

रिपोर्ट के अनुसार, NCR के अलग-अलग शहरों में संपत्ति की कीमतों में वृद्धि की रफ्तार अलग-अलग रही है. वर्ष 2021 से 2025 के बीच नोएडा एक्सप्रेसवे क्षेत्र में घरों की औसत बिक्री कीमत में सालाना करीब 34 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई. ग्रेटर नोएडा में यह वृद्धि लगभग 33 प्रतिशत रही, इसी अवधि में गाजियाबाद में औसत कीमत करीब 28 प्रतिशत की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी, जबकि फरीदाबाद में यह दर लगभग 6 प्रतिशत रही.

गुरुग्राम में भी कई प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में कीमतें बढ़ीं, रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्फ कोर्स रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, सदर्न पेरिफेरल रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसे इलाकों में आवासीय बाजार की गतिविधियां अलग-अलग स्तर पर बढ़ीं.

लग्जरी घरों की बढ़ती मांग

रिपोर्ट में NCR के आवासीय बाजार में प्रीमियम और लग्जरी घरों की बढ़ती मांग को भी प्रमुख रुझान बताया गया है. 2021 से 2025 के बीच 8 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री में लगभग 36 गुना वृद्धि दर्ज की गई. 4 से 8 करोड़ रुपये की श्रेणी में यह वृद्धि करीब 10 गुना रही, जबकि 2 से 4 करोड़ रुपये के घरों की बिक्री लगभग सात गुना बढ़ी. 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

Advertisement

जेएमएस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह के मुताबिक, गुरुग्राम के लग्ज़री रियल एस्टेट बाजार में अब अलग-अलग इलाकों की अपनी खास पहचान बन रही है. गोल्फ कोर्स रोड अपनी प्रतिष्ठा और प्रीमियम घरों के लिए जाना जाता है, जबकि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड उन खरीदारों को आकर्षित कर रहा है, जो बेहतर सुविधाओं के साथ अपेक्षाकृत किफायती विकल्प चाहते हैं. एसपीआर में विकास की अच्छी संभावनाएं हैं, वहीं न्यू गुरुग्राम आने वाले वर्षों में शहर के विकास का प्रमुख केंद्र बन सकता है. दूसरी ओर, द्वारका एक्सप्रेसवे पर हवाई अड्डे तक सीधी कनेक्टिविटी के कारण लग्ज़री आवासीय परियोजनाओं की मांग बढ़ी है.

पायनियर अर्बन के ऋषभ पेरिवाल का कहना है कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड बेहतर सड़क व्यवस्था, कम भीड़भाड़ और आसान आवागमन के कारण तेजी से पसंदीदा रिहायशी क्षेत्र बन रहा है. यहां घरों में प्राकृतिक रोशनी, खुली जगहों और सामुदायिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है. यही वजह है कि यह इलाका उन खरीदारों को आकर्षित कर रहा है, जो अच्छे रहन-सहन के साथ भविष्य में अपने निवेश की कीमत बढ़ने की भी उम्मीद रखते हैं.

यह भी पढ़ें: Repo Rate बढ़ा, क्या बढ़ेगी आपकी होम लोन की EMI, रियल एस्टेट पर क्या असर

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement