अपने घर का सपना आज सबसे महंगे सौदों में शामिल हो चुका है. खासतौर पर फ्लैट्स का क्रेज तेजी से बढ़ा है और इनकी कीमत में भी तगड़ा उछाल आया है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम में तो फ्लैट की कीमतें आसमान छू रही हैं. इस बीच लाखों करोड़ों की कीमत वाले इन फ्लैट्स-अपार्टमेंट में रहने वाले रेजिडेंट इनकी हकीकत भी सामने लाते रहते हैं, कि मोटा पैसा खर्च करने के बाद आखिर इनमें उनकी लाइफ कैसी गुजर रही है.
नोएडा में रहने वाले इस शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. इस Viral Video ने Delhi-NCR में घरों और फ्लैटों की कीमतों को लेकर बहस छेड़ दी है.
'माचिस की डिब्बी जैसा फ्लैट...'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये वीडियो नोएडा के रहने वाला ऋषि शांडिल्य नामक व्यक्ति ने शेयर किया है. उन्होंने भारत में बढ़ती रियल एस्टेट कीमतों (Real Estate Price) पर एक नई ऑनलाइन बहस छेड़ दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट में NCR में एक छोटा अपार्टमेंट खरीदने की लागत को मजाकिया अंदाज में जाहिर किया है.
उन्होंने लगभग 80 लाख रुपये की कीमत वाले एक छोटे से अपार्टमेंट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है और हास्यास्पद अंदाज में इसे 'माचिस की डिब्बी के साइज का फ्लैट' करार दिया है. यही नहीं इसे कबूतर खाना बताया है. ये वायरल वीडियो नोएडा में घरों की बढ़ती कीमत को लेकर अलग ही तस्वीर पेश करता है.
Viral Vedio पर कैसी प्रतिक्रियाएं?
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में मेकर ने छोटे अपार्टमेंटों की कीमतों पर हैरानी जताते हुए कहा कि खरीदार बहुत सीमित लिविंग स्पेस के लिए बहुत ज्यादा कीमत चुका रहे हैं. उनके इस वीडियो पर तमाम प्रतिक्रियाएं आई हैं, जिनमें यूजर्स नोएडा और दिल्ली-NCR के अन्य हिस्सों में संपत्ति की ऊंची कीमतों, बढ़ती EMI और फ्लैटों के सिकुड़ते साइज के अपने अनुभवों को शेयर कर रहे हैं.
कुछ यूजर्स की प्रतिक्रियाओं पर गौर करें, तो इनमें एक ने लिखा, 'अब मामूली अपार्टमेंट भी प्रीमियम प्राइस पर बिक रहे हैं.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'सब कुछ अस्थायी है, 5 साल बाद देखना... माचिस डिब्बी नहीं, ये कूड़ा खाना लगेंगे.' एक ने लिखा, 'ना मंजिल अपनी ना छत अपनी.'
क्यों बढ़ती जा रही घरों की कीमत?
Delhi-NCR में घरों की कीमत को लेकर ये वीडियो और इससे जोर पकड़ती बहस ऐसे समय में सामने आई है, जबकि नोएडा के रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी मार्केट में डिमांड मजबूत है. बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी, एक्सप्रेस-वे और आईटी पार्कों के साथ ही कमर्शियल सेंटर्स की बढ़ती उपस्थिति ने घर-फ्लैट की कीमतों को तेजी से बढ़ाने में अहम रोल निभाया है. इस सबके चलते अब किफायती विकल्प ढूंढ़ना मुश्किल होता जा रहा है.