scorecardresearch
 

दिल्ली में 5-12 लाख तक सस्ते होंगे फ्लैट्स, DDA ने खत्म किया पार्किंग चार्ज

दिल्ली में घर खरीदने वालों के लिए DDA ने ऐतिहासिक सौगात दी है, जिसके तहत आवास योजनाओं से पार्किंग शुल्क पूरी तरह हटा दिया गया है. इस बड़े फैसले से फ्लैट्स की कीमतें श्रेणी के आधार काफी कम हो जाएंगीं, जिससे मध्यम और उच्च आय वर्ग के खरीदारों को सीधी राहत मिलेगी।

Advertisement
X
अब पार्किंग के लिए नहीं ढीली करनी होगी अलग से जेब (Photo: ITG)
अब पार्किंग के लिए नहीं ढीली करनी होगी अलग से जेब (Photo: ITG)

दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए एक ऐसी खबर आई है, जो सीधे आपकी जेब को बड़ी राहत देने वाली है. अगर आप भी डीडीए (DDA) के फ्लैट्स की ऊंची कीमतों को देखकर अब तक हिचकिचा रहे थे, तो अब आपके लिए रास्ता साफ हो गया है. दिल्ली विकास प्राधिकरण ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए अपनी चल रही आवास योजनाओं से पार्किंग शुल्क को पूरी तरह हटा दिया है.

इसका सीधा मतलब यह है कि अब आपको कवर्ड या ओपन पार्किंग स्पेस के लिए लाखों रुपये अलग से नहीं देने होंगे. इस एक फैसले से फ्लैट्स की कीमतें कैटेगरी के हिसाब से 5 लाख से लेकर 12 लाख रुपये तक कम हो गई हैं.

आखिर क्या है डीडीए का यह नया प्राइसिंग गेम ? 

अब तक जब आप डीडीए का फ्लैट खरीदते थे, तो उसकी कुल कीमत में पार्किंग की लागत अलग से जोड़ी जाती थी. इसमें पार्किंग के साइज और एरिया के हिसाब से गणित लगाकर मोटी रकम वसूली जाती थी. लेकिन अब डीडीए ने इस पुराने फॉर्मूले को कचरे के डिब्बे में डाल दिया है. नए आदेश के मुताबिक, अब पार्किंग बनाने का जो भी खर्च आएगा, उसे पूरी परियोजना (प्रोजेक्ट) की कुल लागत में ही शामिल कर लिया जाएगा.

Advertisement

यानी अब आपके बिल में पार्किंग चार्ज नाम का कोई अलग से एक्स्ट्रा बोझ नहीं दिखेगा. प्राधिकरण ने साफ कह दिया है कि कार या स्कूटर गैरेज के लिए खरीदार से कोई भी अतिरिक्त पैसा नहीं वसूला जाएगा.

यह भी पढ़ें: घर खरीदने की रेस में युवाओं का दबदबा, 90% से ज्यादा खरीदार मिलेनियल्स-जेन Z

इन स्कीमों में मिलेगा बंपर डिस्काउंट

डीडीए के इस फैसले का सबसे बड़ा और तुरंत फायदा उन लोगों को मिलने वाला है जो एमआईजी (MIG) और एचआईजी (HIG) फ्लैट्स खरीदने का मन बना चुके हैं. मुख्य रूप से चार बड़ी योजनाओं में कीमतें गिरने वाली हैं, जिनमें डीडीए कर्मयोगी आवास योजना 2025, टावरिंग हाइट्स करकड़डूमा आवास योजना 2025 की ई-नीलामी, और 2026 में आने वाली डीडीए नागरिक आवास योजना के साथ-साथ टावरिंग हाइट्स करकड़डूमा का अगला चरण भी शामिल है. इन सभी योजनाओं में अब घर के दाम पहले के मुकाबले काफी कम और किफायती हो जाएंगे.

जेब पर कितना कम होगा बोझ?

कीमतों में कटौती इस बात पर निर्भर करेगी कि आपका फ्लैट किस कैटेगरी का है और पार्किंग स्पेस कितना बड़ा है. उदाहरण के लिए, अगर आप कर्मयोगी आवास योजना में बड़े (HIG) फ्लैट लेते हैं, तो आपकी कीमत में करीब 10 लाख रुपये की कमी आएगी. वहीं मध्यम श्रेणी (MIG) के फ्लैट्स करीब 4 से 5 लाख रुपये तक सस्ते हो जाएंगे. करकड़डूमा की टावरिंग हाइट्स स्कीम में तो यह राहत और भी ज्यादा है, क्योंकि वहां पार्किंग एरिया काफी बड़ा है. वहां खरीदारों के सीधे 12 लाख रुपये तक बच सकते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बिना लाखों खर्च किए घर को दें महल जैसा लुक, बस अपनाएं ये 5 आसान तरीके!

पुराने खरीदार न हों परेशान, सबको मिलेगा फायदा

अगर आप यह सोच रहे हैं कि आपने तो फ्लैट पहले ही बुक कर लिया और पार्किंग का पैसा भी दे दिया, तो आपके लिए भी अच्छी खबर है. डीडीए अधिकारियों ने साफ किया है कि जिन खरीदारों ने पहले ही भुगतान कर दिया है, उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा. उनका पार्किंग शुल्क या तो रिफंड कर दिया जाएगा या फिर उनकी आने वाली किस्तों में एडजस्ट कर दिया जाएगा. यानी हर हाल में फायदा आपका ही होना है.

बता दें कि करकड़डूमा वाली टावरिंग हाइट्स योजना को पहले उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला था, जिसका बड़ा कारण इसकी ऊंची कीमत थी. लेकिन अब पार्किंग चार्ज हटने के बाद इन लग्जरी फ्लैट्स की प्रभावी कीमत काफी कम हो गई है. डीडीए को उम्मीद है कि अब लोग इन शानदार फ्लैट्स को खरीदने के लिए बड़ी संख्या में आगे आएंगे. कुल मिलाकर, दिल्ली में घर खरीदना अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा किफायती और आसान होने वाला है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement