शेयर बाजार में मंगलवार को ओपनिंग के साथ शुरू हुई गिरावट अंत तक जारी रही. शेयर मार्केट क्रैश (Stock Market Crash) से निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (BSE Sensex) 1068 अंक का गोता लगाकर बंद हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी (NSE Nifty) ने भी दिनभर की गिरावट के बाद 288 अंक फिसलकर 25,500 के स्तर से नीचे क्लोजिंग की. इस बीच आईटी शेयर में हाहाकार मचा हुआ नजर आया और Infosys, Tech Mahindra और HCL Tech जैसे बड़े स्टॉक्स धराशायी नजर आए.
सेंसेक्स 1300 अंक तक फिसला
बीएसई सेंसेक्स ने मंगलवार को अपने पिछले बंद 83,294.66 की तुलना में फिसलकर 83,052 पर कारोबार की शुरुआत की थी और फिर ये गिरावट बढ़ती चली गई. दोपहर 2 बजे के आसपास Sensex 1300 अंक से ज्यादा फिसल गया था. हालांकि, बाजार के आखिरी घंटे में मामूली रिकवरी आई, लेकिन फिर भी 30 शेयरों वाला ये इंडेक्स 1,068.74 अंक टूटकर 82,225.92 पर बंद हुआ.
Nifty का भी सेंसेक्स जैसा हाल
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी-50 भी दिनभर टूटा. इसने सोमवार के अपने बंद 25,713 के मुकाबले गिरावट के साथ 25,641 के लेवल पर कारोबार शुरू किया था और इसमें भी तेज गिरावट का सिलसिला ओपनिंग के साथ ही शुरू हो गया था. कारोबार के दौरान ये 330 अंक से ज्यादा फिसलकर 25,327 के लेवल तक गिरा था, हालांकि आखिर में ये भी मामूली रिकवरी दिखाते हुए 288.35 अंक की गिरावट लेकर 25,424.65 पर क्लोज हुआ.
निवेशकों के 4 लाख करोड़ साफ
Stock Market Crash के चलते मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (BSE MCap) बीते कारोबारी दिन के 469 लाख करोड़ रुपये की तुलना में कम होकर 465 लाख करोड़ रुपये रह गया और इस हिसाब से शेयर बाजार निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए.
IT Stocks समेत ये 10 शेयर धड़ाम
बाजार में गिरावट के बीच सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों की बात करें, तो आईटी सेक्टर की कंपनियों के शेयर धराशायी नजर आए. बाजार बंद होने पर बीएसई लार्जकैप कैटेगरी में शामिल Tech Mahindra Share (6.60%), HCL Tech Share (6.10%), Infosys Share (3.91%), TCS Share (3.79%) की गिरावट लेकर बंद हुए. इसके अलावा Zomato की पैरेंट कंपनी Eternal Share (5.28%), LT Share (3.59%), Trent Share (2.93%), Bharti Airtel Share (2.83%) और HDFC Bank Share (1.42%), BEL Share (1.07%) फिसलकर क्लोज हुए.
शेयर बाजार क्रैश के बड़े कारण
बात करें, शेयर बाजार में मंगलवार को देखने को मिले क्रैश के पीछे के बड़े कारणों के बारे में, तो एक नहीं कई नजर आते हैं. इनमें से सबसे प्रमुख...
पहला कारण: आईटी शेयरों में ग्लोबल क्रैश देखने को मिला है. भारत में आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से जहां बाजार का सेंटीमेंट खराब हुआ, तो वहीं Anthropic AI के साये ने अमेरिकी बाजार में भी IT Shares में हाहाकार मचा दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, एंथ्रोपिक ने ऐलान किया कि उसका क्लाउड कोड टूल COBL पर बने पुराने सिस्टम्स को ऑटोमेशन पर ला सकता है. इसके बाद आईटी शेयरों में बिकवाली बड़ गई और ये भरभराकर टूटे.
दूसरा कारण: मिले-जुले कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार शुरुआत से अंत तक रेड जोन से ग्रीन जोन में नहीं आ सका. दरअसल, अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को आए क्रैश का असर मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान एशियाई बाजारों पर भी दिखा, जापान के निक्केई को छोड़, ज्यादातर Asian Market गिरावट के साथ ट्रेड करते नजर आए थे. इसका दबाव भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा.
तीसरा कारण: बाजार में गिरावट के तीसरे कारण की बात करें, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी (Donald Trump Warning) को माना जा सकता है. दरअसल, सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ पर मिली हार के बाद ट्रंप ने 15% Global Tariff का ऐलान किया और इससे एक बार फिर ग्लोबल टेंशन बढ़ गई. इसके साथ ही उन्होंने और बड़ा टैरिफ लगाने की भी नई धमकी दी है. उन्होंने कहा कि जो देश कोर्ट के फैसले का फायदा उठाकर अमेरिका के साथ खिलवाड़ करेंगे, उन्हें पहले से ज्यादा टैरिफ झेलना पड़ेगा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)