डिफेंस सेक्टर के एक दिग्गज शेयर में भारी गिरावट आने वाली है. ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने चेतावनी दी है कि इस शेयर की कीमत अगले एक साल में आधी हो जाएगी. फर्म की ये चेतावनी तब आई है, जब पिछले पांच साल में ये शेयर 16000 रुपये या 1043 फीसदी चढ़ चुका है.
13 जुलाई, 2021 को 1616 रुपये पर बंद हुआ यह मल्टीबैगर स्टॉक मौजूदा सत्र में 18,141 रुपये के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रहा है, लेकिन अब इसकी कीमत आधी होने की संभावना जताई जा रही है.
हालांकि, ब्लूमबर्ग के अनुमानों के अनुसार, कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में अपना अब तक का उच्चतम EBITDA मार्जिन 26.65% दर्ज किया था और चालू वित्त वर्ष में इसका राजस्व 13,633.7 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है. वित्त वर्ष 2028 में राजस्व में 22.32% की और बढ़कर यह 16,676.35 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा. कुल आय चालू वित्त वर्ष में 2,381.3 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2028 में बढ़कर 2939.9 करोड़ रुपये हो जाएगी.
43 फीसदी गिर सकता है भाव
वहीं कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का कंपनी के शेयर के भविष्य को लेकर निगेटिव नजरिया है. कोटक ने 10,300 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो शेयर के पिछले बंद भाव से 43% कम है. हम जिस शेयर की बात कर रहे हैं उसका नाम सोलर इंडस्ट्रीज है, जो भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी है और देश की सबसे तेजी से बढ़ती रक्षा कंपनियों में से एक है.
कंपनी का शानदार पोर्टफोलियो
कोटक का कहना है कि सोलर इंडस्ट्रीज का डाइवर्सिफाइड व्यावसायिक पोर्टफोलियो एक प्रमुख ताकत बना हुआ है, जिसमें औद्योगिक विस्फोटक, उच्च-ऊर्जा सामग्री, पिनाका रॉकेट सिस्टम, लोइटरिंग मुनिशन्स और गोला-बारूद शामिल हैं, जो कंपनी को बढ़ते डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च से लाभ उठाने के लिए तैयार करता है.
कंपनी के आय में भी होगी बढ़ोतरी
ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि कंपनी वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2030 के दौरान PAT में 28% की CAGR हासिल करेगी. फर्म को उम्मीद है कि डिफेंस सेक्टर में 35% की CAGR, 10 देशों में फैले अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 26% की CAGR और व्यवसायों के बढ़ते योगदान के साथ बेहतर उत्पाद मिश्रण से प्रेरित स्थिर मार्जिन विस्तार से आय में बढ़ोतरी होगी.
फिर क्यों बिखर जाएगा ये स्टॉक?
आय में तेजी के शानदार नजरिए के बावजूद स्टॉक में क्यों गिरावट आएगी? इसपर ब्रोकरेज का कहना है कि मौजूदा बाजार वैल्यूवेश के आधार पर शेयर पहले से ही वहां पहुंचा हुआ है. ब्रोकरेज फर्म ने बताया कि सोलर इंडस्ट्रीज का शेयर वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित आय के लगभग 55 गुना पर कारोबार कर रहा है, जिससे बढ़ोतरी की गुंजाइश सीमित हो जाती है और निवेशकों के लिए रिस्क प्रॉफिट बढ़ जाता है.
कोटक ने कई खास रिस्क की ओर भी इशारा किया, जो कंपनी की विकास गति को प्रभावित कर सकते हैं. इनमें खनन और मांग में उतार-चढ़ाव, सरकारी रक्षा खरीद की असमानता, विस्फोटक व्यवसाय से जुड़े नियामक जोखिम, मध्यम ऊंचाई वाले लंबे समय तक उड़ान भरने वाले मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) और एंटी-ड्रोन प्लेटफार्मों को बढ़ाने में कंपनी के सामने आने वाली चुनौतियां, साथ ही भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं शामिल हैं.
विदेश से होती तगड़ी कमाई
ब्रोकरेज फर्म ने बताया कि विदेशी बाजार सोलर इंडस्ट्रीज के राजस्व में लगभग 35% का योगदान करते हैं, जबकि इसके डिफेंस ऑर्डर बुक का एक बड़ा हिस्सा निर्यात-आधारित है, जिससे यह व्यवसाय वैश्विक भू-राजनीतिक स्थितियों में बदलाव के प्रति संवेदनशील हो जाता है. सोलर इंडस्ट्रीज औद्योगिक विस्फोटक और डिफेंस सेक्टर में अग्रणी कंपनी है, जिसकी इस उद्योग में 24% बाजार हिस्सेदारी है. कंपनी औद्योगिक विस्फोटक और रक्षा उत्पाद प्रदान करती है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)