शेयर बाजार में निवेश को जोखिम भरा कारोबार माना जाता है, लेकिन इसमें कई ऐसे शेयर भी मौजूद हैं, जो एक झटके में अपने निवेशकों की किस्मत बदलकर उन्हें मालामाल बनाने वाले साबित हुए हैं. कुछ शेयरों ने जहां लॉन्गटर्म में ये कमाल किया है, तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं, जिनमें पैसे लगाने वालों की कुछ ही समय में मौज हो गई. ऐसा ही एक स्टॉक है मिडवेस्ट गोल्ड लिमिटेड का, जिसमें पांच साल पहले सिर्फ 1 लाख रुपये का निवेश करने वालों की रकम अब तक बढ़कर 4 करोड़ रुपये के पार हो गई होगी.
11 रुपये के शेयर 4600 के पार
बीते पांच साल में Midwest Gold Ltd Share के भाव में आए बदलाव को देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये स्टॉक अपने निवेशकों के लिए पैसे छापने की मशीन बनकर उभरा है. दरअसल, पांच साल पहले 16 अप्रैल 2021 को एक शेयर की कीमत सिर्फ 11 रुपये थी, जो बीते गुरुवार को 5 फीसदी के लोअर सर्किट (Lower Circuit) के बाद भी 4679.10 रुपये पर बंद हुआ.
इस हिसाब से रिटर्न का कैलकुलेशन करें, तो मिडवेस्ट गोल्ड के स्टॉक में पैसे लगाने वालों को इन पांच साल में ताबड़तोड़ 42,437.27 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न हासिल हुआ है.
1 लाख लगाने वाले बने करोड़पति
निवेश और फायदे का कैलकुलेशन समझें, तो 11 रुपये के भाव पर इस कंपनी के शेयर में अगर किसी निवेशक ने पांच साल पहले 1,00,000 रुपये का निवेश किया होगा और उसे अब तक होल्ड रखा होगा. तो फिर उसके द्वारा निवेश की गई रकम अब बढ़कर 4,25,37,000 रुपये हो गई होगी. यानी वो निवेशक करोड़पतियों की लिस्ट में शामिल हो गया होगा.
एक साल में 13 गुना किया पैसा
न सिर्फ बीते पांच साल में, बल्कि मिडवेस्ट गोल्ड शेयर ने महज बीते एक साल के भीतर ही अपने निवेशकों की रकम को 13 गुना कर दिया है. मतलब ये शेयर लॉन्गटर्म में ही नहीं, बल्कि शॉर्ट टर्म में भी मालामाल करने वाला साबित हुआ है. 1 लाख रुपये के निवेश के आधार पर देखें, तो सालभर में ये रकम बढ़कर 13,83,000 रुपये हो गई होगी. इस दौरान शेयर ने 1283 फीसदी का रिटर्न दिया है.
ग्लोबल टेंशन के बीच शेयर बाजारों में मची उथल-पुथल के बावजूद बीते छह महीने में इस शेयर में पैसे लगाने वालों को मिले रिटर्न का आंकड़ा 83 फीसदी रहा है.
Gold माइनिंग से जुड़ी है कंपनी
कंपनी की प्रोफाइल पर नजर डालें, तो मिडवेस्ट गोल्ड लिमिटेड की स्थापना साल 1990 में हुई थी और शुरुआत में ये नोवा ग्रेनाइट इंडिया लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी. आगे चलकर कंपनी ने कारोबार विस्तार किया और ग्रेनाइट ब्लॉक के साथ कीमती धातुओं की माइनिंग और रिफाइनिंग के काम से जुड़ गई. इसका नाम साल 2010 में बदला गया था. फिलहाल कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन पर नजर डालें, तो Midwest Gold Market Cap 6,040 करोड़ रुपये है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)