सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप आपको देश के लगभग हर शहर में देखने को मिल जाएगा. आज IOCL के देश भर में 43000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं और कंपनी की वैल्यू भी करीब 2 लाख करोड़ रुपये हो चुकी है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आईओसीएल ने देश में अपना पहला रिटेल पेट्रोल पंप कब खोला था और वो कैसा दिखता था? खुद कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) पर उसकी तस्वीर शेयर कर याद ताजा की है.
1959 में शुरुआत, अब इतने IOCL पेट्रोल पंप
देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Indian Oil Corporation) की शुरुआत 1959 में हुई थी. पहले इसे इंडियन ऑयल कंपनी लिमिटेड के नाम से जाना जाता था, लेकिन 60 के दशक में इंडियन रिफाइनरीज लिमिटेड के विलय के बाद इसका नाम बदलकर Indian Oil Corporation Ltd कर दिया गया.
देश में 43000 से ज्यादा फ्यूल स्टेशन
आईओसीएन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि देश में 1962 में अपना पहला पेट्रोल पंप खोले जाने के बाद से अब अब उसके 43,000 से ज्यादा फ्यूल स्टेशनों का नेटवर्क हो चुका है. अपनी पोस्ट में कंपनी ने लिखा कि उसका यह सफर भारत के साथ-साथ आगे बढ़ा है और इसने कनेक्टिविटी को आसान बनाते हुए देश की तरक्की में योगदान दिया है.
ऐसा था IOCL का पहला पेट्रोल पंप
इंडियन ऑयल द्वारा किए गए इस सोशल मीडिया पोस्ट में कंपनी ने अपने पहले पेट्रोल पंप की तस्वीर भी शेयर की है, जिसे 1962 में खोला गया था. कैप्शन में इसकी शुरुआत की याद ताजा करते हुए लिखा गया है कि 1962 की यादें, जब भारत की ऊर्जा यात्रा का एक नया अध्याय शुरू हुआ था. गुजरात के अंजार में First IOCL Petrol Pump शुरू हुआ था.
कंपनी ने पोस्ट में लिखी बड़ी बात
इंडियन ऑयल ने पहले पेट्रोल पंप की तस्वीर शेयर करने के साथ बड़ी बात लिखी, 'पहले फ्यूल स्टेशन ने एक ऐसी विरासत की शुरुआत की जो सुलभता, इनोवेशन और देश की सेवा पर आधारित थी. एक ऐसा पड़ाव जिसने हमारे अतीत को आकार दिया, एक ऐसी विरासत जो भविष्य को ऊर्जा देती रहेगी.'
अब इतनी हो गई कंपनी की वैल्यू
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड है और फिलहाल कंपनी का शेयर (IOCL Share Price) छलांग लगाता हुआ नजर आ रहा है. सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जहां शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स रेड जोन में बंद हुए, तो वहीं बाजार टूटने के बाद भी IOCL Stock 1.55 फीसदी की तेजी लेकर 138 रुपये पर क्लोज हुआ. शेयर चढ़ने के चलते कंपनी का मार्केट कैपिटल भी उछलकर 1.95 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.