शेयर बाजार में बीते सप्ताह तेज गिरावट देखने को मिली, लेकिन इस बीच कई कंपनियों के स्टॉक गिरते हुए बाजार में भी गदर मचाते दिखे. अगले सप्ताह भी ऐसा कुछ देखने को मिल सकता है. डिफेंस सेक्टर की दिग्गज कंपनी भारत फोर्ज का शेयर फोकस में रहने वाला है और इसकी वजह है सरकार की ओर से कंपनी को मिला एक बड़ा ऑर्डर, जो 425 करोड़ रुपये का है.
मल्टीबैगर है ये डिफेंस स्टॉक
डिफेंस सेक्टर की कंपनी Bharat Forge का शेयर अपने निवेशकों के लिए मल्टीबैगर स्टॉक बनकर सामने आया है. रिटर्न के मामले में देखें, तो लॉन्गटर्म में इसने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. 9 अप्रैल 2020 को एक शेयर की कीमत 245 रुपये थी, जो कि बीते शुक्रवार को मार्केट क्लोज होने पर 2036 रुपये पर बंद हुआ. इस दौरान निवेशकों को 729 फीसदी का धांसू रिटर्न मिला है और उनका निवेश आठ गुना से ज्यादा हो चुका है.
छह महीने से मचा रहा गदर
इस Defence Stock का मार्केट कैपिटल देखें, तो ये 97,340 करोड़ रुपये है. इसका 52 वीक का हाई लेवल 2059.50 रुपये है, जबकि 52 वीक का लो-लेवल 1100.50 रुपये है. बीते छह महीने से ये स्टॉक गदर मचाए नजर आ रहा है और निवेशकों को 40 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. वहीं बीते पांच साल का रिटर्न 180 फीसदी है.
फोकस में क्यों है Bharat Forge शेयर?
अगले हफ्ते भारत फोर्ज का शेयर फोकस में रहने वाला है और पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी देते हुए बताया कि उसे डिफेंस मिनिस्ट्री से इंडियन नेवी के लिए बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है.
ये ऑर्डर गैस टर्बाइन जेनरेटर सप्लाई का है और इसकी वैल्यू की बात करें, तो फाइलिंग के अनुसार ये 425 करोड़ रुपये है. कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने के लिए भारत फोर्ज को पांच साल दिए गए हैं. इसके तहत कंपनी 1.25 मेगावाट कैपेसिटी के गैस टर्बाइन जेनरेटर तैयार करेगी.
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में भारतीय नौसेना के लिए 1.25 मेगावाट के 12 मरीन गैस टर्बाइन जेनरेटर सेटों की खरीद के लिए पुणे स्थित भारत फोर्ज लिमिटेड के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए. इन जेनरेटरों में मिनिमम 60% मेड इन इंडिया (Made In India) सामग्री के इस्तेमाल किया जाएगा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)