बिहार के समस्तीपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान युवक जब करतब दिखा रहा था, तभी पुराने विवाद को लेकर दूसरे युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.
दरअसल कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर भुट्टा चौक के पास मोहर्रम को लेकर ताजिया जुलूस निकाला गया था. इसी क्रम में किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होते-होते मामला झड़प तक जा पहुंचा. बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक जावेद के सीने में चाकू घोंप दिया. जिससे वह घायल होकर गिर गया. घायलावस्था में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है. इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मुंबई से मोहर्रम में शामिल होने आया था जावेद
मृतक के भाई ने बताया कि मोहर्रम के जुलूस में झड़प हो रहा था. मेरा भाई जावेद देख ही रहा था कि गांव का ही हैदर नाम का लड़का अचानक से हांथ में चाकू लेकर आया और मेरे भाई के सीने में मार दिया.चाकू मारने के बाद हैदर वहां से फरार हो गया. मेरा भाई यह कहते हुए गिर गया कि हैदर ने मुझे चाकू मार दिया है. परिजनों का आरोप है कि प्रशासन ने कुछ नहीं किया. मौके पर मौजूद पुलिस सिर्फ मूकदर्शक बनकर देख रही थी.
आधा घंटा तक खून निकल गया तब हम लोग अस्पताल लेकर आए. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. मृतक जावेद के परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले ही मुंबई से मोहर्रम पर्व में शामिल होने के लिए अपने घर आया था.स्थानीय निवासी भोला राय के अनुसार हैदर अपराधी तत्व का है, पुलिस को जल्द उसे गिरफ्तार करना चाहिए.
पुराने विवाद में हुई हत्या
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर भुट्टा चौक के पास मोहर्रम जुलूस में पुराने विवाद को लेकर मोहम्मद जब्बार के 22 वर्षीय पुत्र जावेद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जायेगा. परिजनों के द्वारा जो लिखित आवेदन दिया जाएगा, उसके अनुरूप कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.