बिहार के समस्तीपुर में बदमाशों ने देर रात एक ढाबे में घुसकर मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया. पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए. मारपीट से लेकर गोली चलाने तक की पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
दरअसल, यह घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ गांव में एसएच-88 स्थित राज दरबार ढाबे की है. यहां ढाबा मालिक अभिनंदन कुमार रात में सो रहे थे. देर रात करीब दो बजे तीन से चार बदमाश वहां पहुंचे और अंदर दाखिल हो गए. उन्होंने चादर हटाकर देखा कि अभिनंदन सो रहे हैं. इसके बाद सभी ने मिलकर उनकी पिटाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में राशन बांटने पहुंची नाव, देखते ही मची लूट... जान बचाकर भागी राहत सामग्री देने वाली टीम, VIDEO
शोर सुनकर ढाबे में काम करने वाले कर्मचारी जाग गए और अभिनंदन को बचाने की कोशिश की. इसी दौरान एक बदमाश ने कमर से पिस्टल निकाल ली और कर्मचारियों को धमकाने लगा. हथियार देखकर सभी अपनी जान बचाने के लिए छिप गए. इसके बाद हमलावरों ने अभिनंदन को जमकर पीटा और गोली मार दी. घायल होने के बाद वह किसी तरह वहां से भागकर छिप गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए आराम से निकल गए.
पटना के अस्पताल में चल रहा इलाज
हलई थाना क्षेत्र के बनवीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र अभिनंदन कुमार राय हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए पटना स्थित एक अस्पताल ले जाया गया. वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है.
इस घटना के बाद ढाबे में दहशत का माहौल है. सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां और हमले की वारदात रिकॉर्ड हुई हैं. पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है. मामले में चार आरोपियों की पहचान किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.
देखें वीडियो...
दो लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है. ढाबा मालिक अभिनंदन कुमार राय ने ढाबा खोलने के लिए केशव झा से दो लाख रुपये कर्ज लिए थे. आरोप है कि वह रकम लौटाने में आनाकानी कर रहे थे. इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन पंचायत के जरिए मामला सुलझा दिया गया था.
बताया जा रहा है कि रुपये वापस नहीं मिलने के बाद केशव झा अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ बीती रात ढाबे पर पहुंचा और इस वारदात को अंजाम दिया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. हालांकि, हमले के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
चार आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
सदर डीएसपी-1 ने बताया कि बीती रात करीब दो बजे चार बदमाशों ने पहले ढाबा मालिक की पिटाई की और फिर तीन गोलियां चलाकर उन पर जानलेवा हमला किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. इस मामले में चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
डीएसपी के मुताबिक, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. टीम मौके से उपलब्ध सबूत इकट्ठा कर रही है. घायल ढाबा मालिक का पटना के अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.