scorecardresearch
 

अवैध संबंध, ब्लैकमेल और खूनी साजिश... ट्रक ड्राइवर की बेरहमी से हत्या, 48 घंटे में प्रेमिका गिरफ्तार

बिहार के नवगछिया में ट्रक ड्राइवर नवीन कुमार सिंह की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. अवैध संबंध और पैसों की उगाही को लेकर प्रेमिका काजल कुमारी को गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि जेल से छूटे पति ब्रजेश ने भाई और एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी.

Advertisement
X
पति-देवर समेत 3 आरोपी फरार.(Photo: Sujeet Kumar/ITG)
पति-देवर समेत 3 आरोपी फरार.(Photo: Sujeet Kumar/ITG)

बिहार के नवगछिया पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खून से लथपथ शव मिलने के मामले में 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका काजल कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि अवैध संबंध, पैसों की उगाही और पति के प्रतिशोध ने मिलकर इस हत्या को जन्म दिया. मामले में काजल का पति ब्रजेश कुमार, देवर नीतीश कुमार और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिसकी तलाश जारी है.

दरअसल, 15 मई की सुबह नवगछिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन रोड नया टोला में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक के सिर पर गहरे जख्म थे और अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें: बिहार: नवगछिया में खून से रंगी होली, तीन दोस्तों को मारी गोली, दो की मौत से हड़कंप 

जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी ट्रक ड्राइवर नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.

अवैध संबंध और पैसों की उगाही का खुलासा

Advertisement

मृतक की पत्नी सविता देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नवीन का नया टोला में किराए पर रहने वाली काजल कुमारी से अवैध संबंध था. आरोप है कि काजल ने प्रेमजाल में फंसाकर नवीन से लाखों रुपये ऐंठे. पत्नी के अनुसार, नवीन घर के गहने बेचकर और कर्ज लेकर करीब 3 से 4 लाख रुपये काजल को दे चुका था.

एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच शुरू की. कॉल डिटेल्स से पता चला कि हत्या की रात करीब 1 से 1:30 बजे तक काजल लगातार नवीन से संपर्क में थी और दूसरे नंबर पर भी बात कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज में उसी समय एक बाइक पर दो संदिग्ध घूमते दिखे, जिनकी पहचान काजल के पति ब्रजेश और देवर नीतीश के रूप में हुई. इलाके में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो भी देखी गई.

जेल से लौटे पति ने रची साजिश

पुलिस पूछताछ में काजल ने स्वीकार किया कि वह नवीन से पैसे ऐंठने के उद्देश्य से संबंध बनाए हुए थी. उसका पति ब्रजेश कुमार हाल ही में जेल से छूटकर लौटा था. पत्नी के संबंधों की जानकारी मिलते ही उसने भाई और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत नवीन को फोन कर बुलाया गया और सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई.

Advertisement

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और बाइक जब्त कर ली है. एसपी ने बताया कि फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला आरोपी को खगड़िया से गिरफ्तार किया गया है. हत्या में इस्तेमाल हथियार का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद होगा. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement