भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज आकाश दीप के घर में शादी की शहनाइयां गूंज उठी हैं और उनके जीवन की नई पारी की शुरुआत हो चुकी है. रोहतास जिले के सासाराम तहत शिवसागर प्रखंड क्षेत्र के बड्डी गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर रविवार, 21 जून को बेहद धूमधाम और पारंपरिक तरीके से तिलक समारोह संपन्न हुआ.इस खास मौके पर पूरे बड्डी गांव को दुल्हन की तरह रोशनी से सजाया गया है और चारों तरफ उत्सव जैसा माहौल है.
आकाश दीप के तिलक समारोह को लेकर बड्डी गांव में काफी खास तैयारियां की गई थीं. इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए खेल और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां और भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. आकाशदीप के बहनोई ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि परिवार को इस दिन का बेसब्री से इंतजार था.
समारोह में दिग्गजों और भारी भीड़ के आगमन को देखते हुए शिवसागर थाना क्षेत्र के बड्डी गांव में चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई खलल न पड़े. इस खुशी के मौके पर तरह-तरह के पकवान बनाए गए थे और पूरे गांव के लोग अपने चहेते क्रिकेटर की इस खुशी में शरीक हुए.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांव पहुंचकर दी थीं शुभकामनाएं
क्रिकेटर आकाश दीप की शादी को लेकर न सिर्फ गांव बल्कि राज्य के सियासी गलियारों में भी चर्चा है. इस शादी के जश्न की शुरुआत से पहले, 16 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद क्रिकेटर के पैतृक गांव बड्डी पहुंचे थे. उन्होंने आकाश दीप और उनके माता-पिता सहित पूरे परिवार से मुलाकात कर इस मांगलिक कार्य के लिए अपनी विशेष शुभकामनाएं दी थीं.
अक्षिता राज बनेंगी दुल्हन, बेहद साधारण परिवार से है रिश्ता
आमतौर पर क्रिकेटर्स या सिनेमा जगत के सितारों की शादियां बेहद तड़क-भड़क और हाई-प्रोफाइल होती हैं, लेकिन आकाश दीप ने अपनी शादी में सादगी की मिसाल पेश की है. उनकी शादी उनके पैतृक गांव से महज 20 किमी की दूरी पर स्थित डेहरी के मानिकपुर गांव में तय हुई है.
आकाशदीप की दुल्हन बनने जा रही अक्षिता राज मानिकपुर के रहने वाले अमित कुमार सिंह की पुत्री हैं. अक्षिता एक बेहद सामान्य और संस्कारी परिवार से आती हैं. यह पूरी शादी दोनों परिवारों और रिश्तेदारों की सहमति से तय हुई है, जो पूरी तरह से एक ट्रेडिशनल अरेंज मैरिज है.
गांव में होंगी रस्में, वाराणसी में सजेगा बारात का मंडप
आकाश दीप के परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शादी की सभी प्रारंभिक और मुख्य रस्में उनके पैतृक गांव में ही पुरानी परंपराओं के अनुसार निभाई जा रही हैं:
21 जून: तिलक समारोह
22 जून: मेहंदी की रस्म
23 जून: हल्दी की रस्म
इसके बाद, 24 जून को मुख्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. बारात और मेहमानों के भव्य स्वागत के लिए धार्मिक नगरी वाराणसी के एक पांच सितारा होटल को बुक किया गया है, जहां आकाश दीप और अक्षिता राज सात फेरे लेकर हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो जाएंगे.