गया जिले के खीरीयामा गांव में हत्या के मामले में वांछित एक अपराधी को पकड़ने के लिए बीती रात STF की टीम सूरजपुरा गांव गई थी. जहां खीरीयामा गांव के ग्रामीणों ने छापेमारी करने गई STF टीम पर हमला कर दिया. जिसमें STF के तीन जवान घायल हो गए. जिसके बाद जवानों को अनुग्रह नारायण, मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
दरअसल, STF की टीम हत्या के मामले में वांछित अपराधी संजय मांझी को गिरफ्तार करने के लिए खीरीयामा गांव गई थी. गांव में STF की टीम को देखते ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने टीम पर ईंट-पत्थर से हमला किया. जिससे तीन जवान घायल हो गए. STF के जवानों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. साथ ही घटना के बाद पूरे गांव में भारी संख्या में पुलिस की तैनाती कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर खूनी खेल, ड्रग्स तस्करों ने तलवार और कट्टे से किया पुलिस पर हमला, Video Viral
मामले में पुलिस टीम गांव की तीन महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने फ़ोन पर बताया कि इस मामले में गांव के चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. जिनसे पूछताछ की जा रही है. वांछित अपराधी संजय मांझी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.