बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो भी कानून को चुनौती देगा, उसका अंजाम या तो जेल होगा या फिर गया में उसका ‘पिंडदान’ किया जाएगा. उन्होंने यह बयान गया और भोजपुर जिलों में आयोजित अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करते हुए दिया. गया जिले के खिजरसारी में 170 करोड़ रुपये की तकनीकी केंद्र की आधारशिला रखने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी तेज गति से आगे बढ़ा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं है. उन्होंने कहा कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है. आरा में आयोजित जनसभा में सम्राट चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि जो भी व्यक्ति कानून को चुनौती दे, उसके खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने दिए पुलिस को निर्देश
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का या तो गया में पिंडदान होगा या वे जेल की सलाखों के पीछे रहेंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अच्छे परिणाम सामने आए हैं. बड़ी संख्या में अपराधी या तो राज्य छोड़कर भाग गए हैं या उन्होंने अपने अवैध कार्य बंद कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे में काफी सुधार हुआ है.
उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि 2005 से पहले राज्य में केवल 17 लाख परिवारों के पास बिजली कनेक्शन था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 2.22 करोड़ घरों तक पहुंच गई है. मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि बिहार देश के उन राज्यों में शामिल है जहां सबसे सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दी जा रही है और पात्र उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.
कानून से टकराओगे तो मिट जाओगे
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सिर्फ विकास को गति देना ही नहीं बल्कि कानून व्यवस्था को भी पूरी तरह मजबूत करना है, ताकि आम जनता सुरक्षित माहौल में जीवन यापन कर सके. जनसभाओं में दिए गए इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह साफ किया कि सरकार अपराधियों के खिलाफ अपने रुख में किसी भी तरह की नरमी नहीं दिखाएगी और कानून का राज हर हाल में स्थापित किया जाएगा.