बिहार में बेतिया जिले के नरकटियागंज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सीतापुर गांव के एक गरीब मजदूर की पत्नी के बैंक खाते में अचानक 7 अरब 59 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951 रुपये (759 करोड़) की राशि दिखाई देने लगी. खाते में इतनी बड़ी रकम दिखने की खबर फैलते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई, वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर गांव निवासी बदरी देवान अपनी पत्नी के साथ वृद्धा पेंशन की राशि निकालने के लिए बिशनपुरवा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी केंद्र पहुंचे थे. बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद उन्होंने 1,100 रुपये की निकासी की. निकासी के बाद जब खाते का बैलेंस देखा गया तो उसमें 7.59 अरब रुपये से अधिक की राशि दिखाई दी. सीएसपी पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बदरी देवान ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम से बैंक खाता है और परिवार खेती व मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन करता है. खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई देने लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. उनका कहना है कि सीएसपी संचालक ने ही उन्हें खाते में असामान्य राशि दिखने की जानकारी दी.
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के कुछ ही देर बाद संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया. इस बीच, सोशल मीडिया पर तकनीकी गड़बड़ी या सर्वर संबंधी समस्या को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
उधर, बैंक ऑफ बड़ौदा, नरकटियागंज शाखा के प्रबंधक ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट किया जा सकेगा कि खाते में इतनी बड़ी राशि क्यों दिखाई दी. फिलहाल बैंक मामले की जांच में जुटा है.