scorecardresearch
 

कद छोटा, लेकिन जज्बा बड़ा! 42 इंच के प्रोफेसर ने डाला वोट...दिया खास संदेश- VIDEO

बिहार के दरभंगा शिक्षक एमएलसी चुनाव में बेगूसराय के 42 इंच के प्रोफेसर गौतम कुमार आकर्षण का केंद्र बने रहे. टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल गौतम कुमार दिनकर कला भवन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे तो लोगों की नजरें उन पर टिक गईं. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए सही प्रतिनिधि चुनना जरूरी है.

Advertisement
X
प्रोफेसर गौतम, एमएलसी चुनाव के लिए पहुंचे वोट देने. (Photo: Screengrabs)
प्रोफेसर गौतम, एमएलसी चुनाव के लिए पहुंचे वोट देने. (Photo: Screengrabs)

बिहार के दरभंगा शिक्षक एमएलसी चुनाव में बेगूसराय के 42 इंच के प्रोफेसर गौतम कुमार अपने अनूठे व्यक्तित्व और लोकतंत्र के प्रति जज्बे को लेकर चर्चा में रहे. बेगूसराय के दिनकर कला भवन स्थित मतदान केंद्र पर जब टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल गौतम कुमार वोट डालने पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों की नजरें उन पर टिक गईं. उनके छोटे कद के साथ मतदान के प्रति उत्साह ने लोगों का ध्यान खींचा. कई लोगों ने उनके जज्बे को लोकतंत्र की खूबसूरती बताया.

गौतम कुमार ने मतदान कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. उनके लिए यह सिर्फ वोट डालने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए सही प्रतिनिधि चुनने का अवसर भी था.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बताया मतदान को जरूरी
मतदान के बाद प्रोफेसर गौतम कुमार ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन में भाग लेकर उन्होंने मतदाता के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षिक प्रशासन को बेहतर बनाने और बदलते शैक्षिक परिवेश की जरूरतों को पूरा करने के लिए सही प्रतिनिधि का चुनाव जरूरी है.

गौतम कुमार के मुताबिक शिक्षा व्यवस्था में लगातार बदलाव हो रहे हैं. ऐसे में सदन में ऐसे प्रतिनिधियों की जरूरत है, जो शिक्षा और शिक्षकों के हितों की बात मजबूती से उठा सकें. उन्होंने इन्हीं मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान किया.

Advertisement

बेगूसराय में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 90 फीसदी से ज्यादा वोटिंग
दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बेगूसराय में भी व्यापक इंतजाम किए गए थे. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 29,205 मतदाता पंजीकृत थे. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 20 मतदान केंद्रों पर 2,047 मतदाताओं के मतदान की व्यवस्था की गई थी.

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 55 फीसदी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 90 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.

अब मतगणना का इंतजार है. नतीजों से पता चलेगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है और शिक्षा व शिक्षकों के मुद्दों को सदन में उठाने की जिम्मेदारी किसे सौंपी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement