बिहार के बगहा के बथवरिया थाना क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला रंगीला यादव का शव आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद के चलते युवक की हत्या की गई थी. रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया.
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले का खुलासा शनिवार को पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने किया.
यह भी पढ़ें: पुआल के ढेर में छिपी थी नशे की खेप, बगहा में 203 किलो गांजा बरामद
उन्होंने बताया कि 27 मई को बथवरिया थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रौल निवासी रंगीला यादव के रूप में हुई थी. मृतक के पिता के आवेदन पर बथवरिया थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना संकलन के आधार पर राजन यादव को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए. उसने बताया कि मृतक शादी से पहले से उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता था.
इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद और मारपीट भी हो चुकी थी. वहीं, सह-आरोपी सुधीर उर्फ कच्छेदा का भी मृतक के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, इन्हीं कारणों से आरोपियों ने रंगीला यादव की हत्या की योजना बनाई.
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रची. इसके लिए उन्होंने पहले मृतक का भरोसा जीता और फिर उसे अपने जाल में फंसाया.
मेला दिखाने के बहाने बुलाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार योजना के तहत रंगीला यादव को गोरखपुर मेला घूमने के बहाने बुलाया गया. इसके बाद राजन यादव ने अपनी पत्नी की आवाज में मृतक को रात के समय एक बगीचे में बुलाया.
बगीचे में पहले से मौजूद आरोपियों ने रंगीला यादव का गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. आरोपियों ने शव को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो.
हालांकि, पुलिस की जांच में पूरा मामला उजागर हो गया. पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.