देश में छोटे कमर्शियल वाहनों की बढ़ती मांग के बीच टाटा मोटर्स ने अपना नया पिकअप ट्रक Intra V40 लॉन्च कर दिया है. यह नया वाहन CNG और पेट्रोल बाय-फ्यूल तकनीक के साथ आता है, जिससे कारोबारियों को कम खर्च में ज्यादा कमाई करने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि यह पिकअप 1,525 किलोग्राम तक का पेलोड उठाने में सक्षम है, जिससे यह लास्ट-माइल डिलीवरी और भारी सामान ढुलाई के लिए भी बेहतर माना जा रहा है.
नए Tata Intra V40 में 1.2-लीटर का बाय-फ्यूल इंजन दिया गया है. यह इंजन 58 bhp की पावर और 106 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसमें 110 लीटर क्षमता का CNG टैंक दिया गया है. इसकी बाय-फ्यूल (Bi-fuel) तकनीक ड्राइवर को जरूरत के हिसाब से CNG और पेट्रोल के बीच स्विच करने की भी सुविधा देती है, जिससे ड्राइविंग स्मूथ और किफायती होती है.
टाटा ने इस पिकअप को खास तौर पर माल ढुलाई करने वाले कारोबारियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है. इसमें 2,960 मिमी यानी करीब 9.7 फीट लंबा लोड बॉडी दिया गया है. ज्यादा कार्गो कैपेसिटी के कारण छोटे व्यवसायों और फ्लीट ऑपरेटरों को अधिक सामान ले जाने की सुविधा मिलती है. Intra V40 को टाटा मोटर्स के Intra प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें हाइड्रोफॉर्म्ड चेसिस दिया गया है, जो वाहन को अधिक मजबूती देने के साथ ही स्टेबल बनाता है.
कंपनी के अनुसार इसमें मॉडर्न वॉक-थ्रू केबिन, कार जैसी ड्राइविंग फील और फ्रंट डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं. ये फीचर्स लंबी ड्राइव के दौरान ड्राइवर की सुविधा, सुरक्षा और कम्फर्ट को बेहतर बनाते हैं. नया Intra V40 टाटा मोटर्स के संपूर्ण सेवा 2.0 सर्विस प्रोग्राम और Fleet Edge कनेक्टेड व्हीकल प्लेटफॉर्म के साथ आएगा. इसके जरिए ग्राहकों को टेलीमैटिक्स, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस अलर्ट और रियल-टाइम व्हीकल मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट और स्मॉल कमर्शियल व्हीकल एवं पिकअप बिजनेस हेड पिनाकी हलदार ने कहा कि, "लास्ट-माइल कार्गो ट्रांसपोर्ट में वैकल्पिक फ्यूल वाले वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. ऑपरेटर कम रनिंग कॉस्ट और ज्यादा बेहतर ऑपरेशन चाहते हैं. उन्होंने कहा कि नया Intra V40 कंपनी की बाय-फ्यूल रेंज को और मजबूत करेगा."
Intra V40 के लॉन्च के साथ अब टाटा मोटर्स के पास इस सेगमेंट में सबसे बड़ा ऑप्शनल फ्यूल पोर्टफोलियो तैयार हो गया ह. कंपनी की बाय-फ्यूल रेंज में ऐस प्रो बाय-फ्यूल, ऐस सीएनजी, इंट्रा वी20 गोल्ड और अब नया इंट्रा वी40 शामिल हैं.