भारतीय कार बाजार के लिए मई 2026 का महीना बेहद शानदार रहा. दुनिया के एक हिस्से में तनाव बढ़ा, पेट्रोल-डीजल यहां तक कि CNG भी महंगा हुआ, लेकिन भारतीय ग्राहकों के कार खरीदने के उत्साह पर इसका खास असर नहीं दिखा. नतीजा यह रहा कि देश का पैसेंजर व्हीकल मार्केट 4.4 लाख से ज्यादा यूनिट की बिक्री के साथ मजबूती से खड़ा नजर आया.
मारुति सुजुकी ने हमेशा की तरह सबसे आगे रहकर बाजार पर अपना दबदबा कायम रखा, लेकिन असली मुकाबला उसके पीछे देखने को मिला, जहां टाटा मोटर्स, महिंद्रा, हुंडई, टोयोटा और किआ ने ग्राहकों को अपनी ओर खींचने में पूरी ताकत झोंक दी. मई के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ऑटो बाजार में रफ्तार अभी बरकरार है और कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा पहले से ज्यादा तेज होती नजर आ रही है.
मारुति सुजुकी ने मई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी ने कुल 1,90,337 पैसेंजर वाहन बेचे, जबकि पिछले साल मई 2025 में यह आंकड़ा 1,35,962 यूनिट था. इस तरह कंपनी ने करीब 40 प्रतिशत की सालाना बढ़त दर्ज की और बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी. कंपनी का कहना है कि, तेल की कीमतों के बढ़ने का असर CNG वाहनो की बुकिंग पर भी देखने को मिला. मई में कंपनी के सीएनजी पोर्टफोलियो की बुकिंग में 40% ग्रोथ देखने को मिली है.
| रैंक | वाहन निर्माता | मई-26 | मई-25 | ग्रोथ |
| 1. | मारुति सुजुकी | 190,337 | 135,962 | +40% |
| 2. | टाटा मोटर्स | 59,790 | 42,040 | +42% |
| 3. | महिंद्रा एंड महिंद्रा | 58,021 | 52,431 | +11% |
| 4. | हुंडई | 47,837 | 43,861 | +9.1% |
| 5. | टोयोटा | 33,128 | 30,864 | +7% |
| 6. | किआ इंडिया | 27,586 | 22,315 | +23.6% |
असल खेल सेल्स चार्ट पर देखने को मिला. जहां टाटा मोटर्स ने बिक्री के मामले में एक बार फिर से हुंडई और महिंद्रा को पछाड़ते हुए दूसरे नंबर पर कब्जा किया है. टाटा मोटर्स ने भी मई 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन किया. कंपनी ने इलेक्ट्रिक वाहनों सहित कुल 59,790 पैसेंजर वाहन बेचे. पिछले साल इसी महीने कंपनी की बिक्री 42,040 यूनिट रही थी. इस तरह टाटा मोटर्स ने साल-दर-साल 42 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की.
EV सेगमेंट में टाटा मोटर्स एक बार फिर से लीडर की भूमिका निभा रहा है. कंपनी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स ने बीते महीने 10,517 यूनिट इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की है. जो पिछले साल मई में बेचे गए 5,685 यूनिट के मुकाबले साल-दर-साल तकरीबन 85% की ग्रोथ दिखाता है. हाल ही में टाटा मोटर्स ने अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार Tata Tiago EV को बिल्कुल नए अवतार में 1 लाख रुपये कम दाम (6.99 लाख रुपये) में लॉन्च किया है. यानी आने वाले महीनों में ईवी सेगमेंट में कंपनी का दबदबा और भी बढ़ने वाला है.
महिंद्रा ने भी बीते मई में अच्छी ग्रोथ दर्ज की है. महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि, मई कंपनी के लिए एक और मजबूत महीना साबित हुआ. उन्होंने बताया कि कंपनी ने मई में 58,021 एसयूवी की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है. वहीं कंपनी की कुल वाहन बिक्री 99,636 यूनिट रही, जिसमें सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.
हुंडई मोटर इंडिया के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने मंथली सेल्स पर कहा कि, कंपनी ने साल की मजबूत शुरुआत के बाद मई में भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी है. उन्होंने बताया कि कंपनी ने घरेलू बाजार में 47,837 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 9.1 प्रतिशत अधिक है. वहीं कुल बिक्री 61,137 यूनिट रही, जिसमें सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मई 2026 में 33,128 वाहनों की बिक्री की. यह पिछले साल मई में बिके 30,864 वाहनों की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है. वहीं किआ इंडिया ने 27,586 वाहनों की बिक्री दर्ज की. कंपनी ने पिछले साल के 22,315 यूनिट के मुकाबले 23.6 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हासिल की.
कुल मिलाकर बीते मई में पश्चमी एशिया में फैले तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद देश के कार बाजार पर कोई बुरा असर देखने को नहीं मिला है. ज्यादातर वाहन निर्माता कंपनियों ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की है. जो आने वाले महीनों में और भी बेहतर होने की उम्मीद है. इस महीने भी बाजार में कई नए मॉडल दस्तक देने वाले हैं जो कार बाजार को नई रफ्तार देंगे.