
भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की मांग लगातार बढ़ रही है. पिछले कुछ सालों में ईवी सेगमेंट में भले ही टाटा मोटर्स लीडर रहा हो, लेकिन एक कार ऐसी भी है जिसने टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक कारों को कड़ी चुनौती दी है. हम बात कर रहे हैं MG Windsor EV की. अब मोरिस गैराजेजे यानी एमजी मोटर्स अपनी इस बेस्ट सेलिंग इलेक्ट्रिक कार को और प्रीमियम बनाने के लिए इसका एक खास एडिशन लाने की तैयारी कर रही है.
दरअसल, भारतीय बाजार में Windsor EV के दो साल पूरे हो चुके हैं. इन दो सालों में कंपनी ने इसके कुल 80,000 से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री कर ली है. अब त्योहारों से पहले कंपनी इसका लिमिटेड एडिशन Windsor EV Indulge Edition को लॉन्च करने का ऐलान किया है. इस नए एडिशन की कुछ एक्सक्लूसिव तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें कार के नए एक्सटीरियर कलर, बदले हुए इंटीरियर और खास फीचर्स की झलक देखने को मिली है. सबसे खास बात यह है कि इसमें पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए छत पर एक नई स्क्रीन दी जाएगी.

MG Windsor EV Indulge Edition में सबसे बड़ा बदलाव इसके एक्सटीरियर में देखने को मिलेगा. कंपनी इस खास एडिशन को नए 'Shadow Gold' कलर में पेश करेगी. इसके साथ कार में 18-इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए जाएंगे, जो इसके लुक को पहले से ज्यादा बेहतर बनाएंगे. कार के पीछे की तरफ क्वार्टर ग्लास पर नए 'Indulge' बैज भी दिया गया, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग बनाएंगे.
यह भी पढें: 34,000 में टू-व्हीलर! Flipkart सेल में स्कूटर-बाइक्स पर क्रेजी डील्स
हालांकि, कार का ज्यादातर डिजाइन पहले जैसा ही रहेगा. इसमें पहले की तरह LED लाइटिंग, बॉडी क्लैडिंग, ऑल-ब्लैक रूफ और ब्लैक कलर के आउटसाइड रियरव्यू मिरर (ORVMs) मिलेंगे. कार का पिछला डिजाइन भी मौजूदा Windsor EV जैसा ही रहने की उम्मीद है. कुल मिलाकर, कंपनी ने इसके एक्सटीरियर लुक में थोड़े बहुत ही बदलाव किए हैं.
शानदार होगा इंटीरियर
MG Windsor EV Indulge Edition के केबिन में भी कुछ खास बदलाव किए जाएंगे. इसका डैशबोर्ड और केबिन पहले की तरह ब्लैक और आइवरी थीम में रहेगा, लेकिन सीटों के लिए नया अर्बन टैन और ब्लैक कलर कॉम्बिनेशन दिया जाएगा. आगे की सीटों के हेडरेस्ट पर 'Indulge' की एम्बॉसिंग भी मिलेगी.
एमजी विंडसर ग्राहकों के बीच अपने कम्फर्ट फीचर्स के लिए मशहूर रही है. अब कंपनी इस एडिशन में कम्फर्ट को बेहतर बनाने के लिए कुछ एक्स्ट्रा फीचर्स भी देगी. आगे बैठने वाले यात्रियों के लिए नेक कुशन और पीछे बैठने वालों के लिए तकिए दिए जाएंगे. इससे लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों को ज्यादा आराम मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढें: फटाफट बढ़ेगा माइलेज! ये है कार में CNG भरवाने का बेस्ट टाइम
इसमें सबसे खास फीचर इसकी नई रूफ-माउंटेड स्क्रीन होगी. इसे कंपनी ने 'Prive Screen' नाम दिया है. यह स्क्रीन कार की छत पर लगी होगी और जरूरत पड़ने पर इसे नीचे की तरफ खोला जा सकेगा. इससे पीछे बैठने वाले यात्रियों को सफर के दौरान मनोरंजन का पूरा मजा मिलेगा. इसे पीछे बैठने वाले यात्री एक प्राइवेट स्क्रीन के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे.
बैटरी पैक, ड्राइविंग रेंज
MG Windsor EV के इस ख़ास एडिशन में मौजूदा मॉडल वाले ही बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है. फिलहाल Windsor EV दो बैटरी पैक ऑप्शन में आती है. जिसमें 38kWh और 52.9kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलता है. कंपनी के दावे के मुताबिक, छोटा बैटरी पैक एक बार फुल चार्ज होने पर 332 किलोमीटर और बड़ा बैटरी पैक 449 किलोमीटर तक की रेंज देता है. दोनों बैटरी पैक के साथ फ्रंट एक्सल पर लगी इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 136hp की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करती है.
क्या होगी कीमत
हालांकि लॉन्च से पहले इस स्पेशल एडिशन की कीमत के बारे में कुछ भी कह पाना मुश्किल है. लेकिन उम्मीद है कि, नए फीचर्स और अपडेट के बाद इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है. बाजार में उपलब्ध MG Windsor EV की कीमत 14.70 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है.