देश में इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (E20 Fuel) की क्वॉलिटी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने बड़ा दावा किया है. कंपनी का कहना है कि उसने देशभर में अपने पेट्रोल पंपों पर बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया. इस दौरान E20 पेट्रोल की क्वॉलिटी और इथेनॉल ब्लेंडिंग की जांच की गई. HPCL के मुताबिक पूरे अभियान में पेट्रोल में मिलावट, प्रदूषण या गुणवत्ता से जुड़ी कोई गंभीर गड़बड़ी सामने नहीं आई.
2,173 सरप्राइज इंस्पेक्शन
HPCL ने बताया कि 7 जुलाई से 13 जुलाई 2026 के बीच उसके फील्ड अधिकारियों ने देशभर के पेट्रोल पंपों पर 2,173 सरप्राइज इंस्पेक्शन किए. इन जांचों का मकसद यह देखना था कि अलग-अलग जगहों पर बिक रहे इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल में तय मानकों के अनुसार इथेनॉल की मात्रा मौजूद है या नहीं. इसके अलावा 3 जुलाई से 13 जुलाई 2026 के बीच कंपनी ने अपने रेगुलर चेकिंग अभियान के तहत 1,385 टेस्ट भी किए.
कंपनी ने बताया कि उसके क्वालिटी एश्योरेंस सेल ने भी अलग से 93 सरप्राइज टेस्ट किए. बता दें कि, ये सेल फ्यूल में मिलावट रोकने के लिए काम करता है. इस दौरान तकनीकी टीमों ने मोबाइल लैब की मदद से सीधे पेट्रोल पंपों पर ही 49 फ्यूल के सैंपल की जांच की. इन सभी जांचों में फ्यूल की क्वॉलिटी तय मानकों के अनुसार सही पाई गई.
HPCL के अनुसार पूरे चेकिंग अभियान के दौरान पेट्रोल में मिलावट, दूषित फ्यूल या गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी गंभीर समस्या का एक भी मामला सामने नहीं आया. कंपनी का कहना है कि इस तरह की रेगुलर और अचानक होने वाली चेकिंग का उद्देश्य ग्राहकों तक बेहतर क्वॉलिटी का फ्यूल पहुंचाना है. ताकि ग्राहकों किसी भी तरह का गड़बड़ पेट्रोल न मिले.