मंगलवार को अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की शांति वार्ता होने की खबरें हैं. एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि यूएस डेलिगेशन सोमवार को वार्ता के लिए इस्लामाबाद जाएगी. दूसरी तरफ, ईरान का कहना है कि ईरानी डेलिगेशन वार्ता के लिए नहीं जाएगी. इस बीच. ट्रंप ने अप्रत्यक्ष रूप से एक बार फिर ईरान को धमकी दे डाली है.
व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप की एक तस्वीर पोस्ट की है. इसमें ट्रंप काफी आक्रमक नजर आ रहे हैं. इस फोटो के साथ व्हाइट हाउस ने कैप्शन में लिखा, 'लॉक्ड इन मोड: एक्टिवेडेट? आज सोमवार है. कोई बहाना नहीं. बस जीत?'
इससे पहले ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर ईरान पर सीजफायर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया था. ट्रंप ने कहा था कि शनिवार को ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में गोलीबारी की, जिसमें ब्रिटेन और फ्रांस के जहाजों को निशाना बनाया गया. उन्होंने ईरान के इस समुद्री रास्ते को बंद करने के फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी ने इसे पहले ही बंद कर दिया है, जिससे ईरान को हर दिन 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है.
ट्रंप ने चेतावनी दी कि उनका डेलिगेशन कल शाम बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच रहा है और उन्होंने ईरान के सामने एक 'वाजिब सौदा' पेश किया है. उन्होंने साफ लहजे में धमकी दी कि अगर ईरान ने ये सौदा स्वीकार नहीं किया, तो अमेरिका ईरान के हर बिजली घर और पुल को तबाह कर देगा. ट्रंप ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि अब 'ईरान की किलिंग मशीन' को खत्म करने का समय आ गया है.
यह भी पढ़ें: US-ईरान वार्ता की गारंटी नहीं लेकिन इस्लामाबाद बना रेड जोन, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल
पाकिस्तान में वार्ता की तैयारियां तेज
वहीं, पाकिस्तान में शांति वार्ता की जमकर तैयारियां की जा रही हैं. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरानी दूतावास का दौरा किया और राजदूत रजा अमीरी मोघद्दाम से मुलाकात की. उन्होंने अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए संभावित व्यवस्थाओं और तनाव कम करने के लिए स्थायी राजनयिक समाधान पर चर्चा की.
aajtak.in