हिंदुस्तान भीषण गर्मी से उबल रहा है. सबसे ज्यादा बुरा हाल उत्तर प्रदेश का है. बांदा जिले का तापमान तो 48 डिग्री के पार जा चुका है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने यूपी के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की मानें तो यूपी के 11 जिलों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. जिसके बाद प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
यूपी के अलावा दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहा है. सबसे ज्यादा डराने वाली बात ये है कि अगले 7 से 8 दिन तक भीषण गर्मी के सितम से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है.
बांदा में 48 डिग्री के पार तापमान
यूपी पर तो गर्मी का अलग ही कहर टूटा है. अगले दो दिन के लिए प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट है. रेड अलर्ट का मतलब कि सावधान. लू बहुत तेज चल रही है. दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 40 यूपी के हैं. बांदा का तापमान तो 48 डिग्री के पार चला गया है. क्या पारा इस साल 50 के पार चला जाएगा? अब तो यही सवाल है.
अफ्रीका से भी गर्म क्यों हो गया उत्तर प्रदेश?
दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 40 शहर कैसे आ गए? मौसम विभाग के नक्शे में उत्तर प्रदेश अलग से लाल रंग से दर्शाया गया है.क्योंकि यूपी इस वक्त सबसे ज्यादा गर्म है. यूपी में तो ऐसा लगता है कि जैसे हर शहर में सड़कों पर तंदूर लगा हो. सुबह 10 बजते ही तापमान 45 के पार पहुंच रहा है.आलम यह है कि दुनिया और देश के सबसे गर्म इलाकों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश के शहरों ने अपनी जगह बना ली है.
यूपी के इन शहरों में सबसे ज्यादा गर्मी
इस लिस्ट में सबसे ऊपर मुरादाबाद, बांदा, इटावा और औरैया का नाम है, जहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. प्रयागराज, बदायूं, रामपुर, फतेहपुर, संभल, एटा, बिजनौर, अमरोहा, मिर्जापुर, अलीगढ़, बलरामपुर, बरेली और वाराणसी में 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. जबकि जौनपुर, आजमगढ़, झांसी, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, हाथरस, सीतापुर, शाहजहांपुर, शामली और अयोध्या में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
यही वजह है कि यूपी में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले दो दिन के लिए तो कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है. ऐसे में अगले दो दिन उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों पर भारी हैं. पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है.
झुलसाता आसमान और पारा 48 के पार... Heat Map में देखें गर्मी का टॉर्चर
यूपी के इन शहरों में आज रेड अलर्ट
20 मई के लिए आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा और फतेहपुर के अलावा औरैया, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज के लिए भी रेड अलर्ट है.
इमरजेंसी से निपटने के लिए सरकार अलर्ट
उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते ऐसी ही लू चलने की आशंका है. भीषण गर्मी और लू के सितम के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने भी खास इंतजाम शुरू कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश के सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वो अतिरिक्त बेड और पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था रखें.
प्रयागराज में 'पारे का राज', गर्मी 44 डिग्री पार... सड़कों से संगम तक सन्नाटा
इमरजेंसी हालात से निटपने के लिए डॉक्टरों और अन्य स्टाफ को भी सतर्क रहने को कहा गया है. हॉस्पिटल परिसर में रोगियों और तीमारदारों के लिए पीने का पानी का इंतजाम करने को कहा गया है. अस्पताल परिसर में लू, धूप व गर्मी से बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.
आजतक ब्यूरो